मध्य प्रदेश में कल प्रधानमंत्री की रैली, बढ़ेगी लोकसभा चुनावों की सरगर्मी - Punjab Kesari
Girl in a jacket

मध्य प्रदेश में कल प्रधानमंत्री की रैली, बढ़ेगी लोकसभा चुनावों की सरगर्मी

आगामी लोकसभा चुनावों के लिए मप्र में भाजपा के अभियान का शंखनाद करते हुए PM नरेंद्र मोदी नजदीकी

आगामी लोकसभा चुनावों के लिए मध्य प्रदेश में भाजपा के अभियान का शंखनाद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नजदीकी धार कस्बे में मंगलवार को पार्टी की सभा को संबोधित करेंगे। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने सोमवार को बताया कि मोदी इंदौर से करीब 65 किलोमीटर दूर धार में पार्टी की ‘विजय संकल्प रैली’ को संबोधित करेंगे।

इसके साथ ही, सूबे में आगामी लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा के अभियान की औपचारिक शुरुआत हो जायेगी। उन्होंने बताया कि मोदी की रैली में मुख्यतः धार और रतलाम-झाबुआ लोकसभा क्षेत्रों के भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे। दोनों लोकसभा सीटें अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं और पश्चिमी मध्य प्रदेश के इन इलाकों में बड़ी आदिवासी आबादी निवास करती है।

bjp

पाराशर ने बताया कि पहले तय किए गए कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री 15 फरवरी को इटारसी और 16 फरवरी को धार में सभाओं को संबोधित करने वाले थे। लेकिन जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकी हमले के बाद ये कार्यक्रम रद्द कर दिए गए थे।

गौरतलब है कि सूबे में गत नवंबर में संपन्न विधानसभा चुनावों में कांटे की टक्कर वाले मुकाबले में भाजपा की 15 साल पुरानी सत्ता चली गयी थी और विजयी कांग्रेस इतने ही बरस बाद सत्ता में लौटी थी। भाजपा की इस चुनावी हार के बाद धार में मोदी की मंगलवार को होने वाली रैली को सियासी लिहाज से अहम आंका जा रहा है। प्रदेश में लोकसभा की कुल 29 सीटें हैं। वर्ष 2014 के पिछले चुनावों में भाजपा ने इनमें से 26 सीटें जीती थीं, जबकि शेष तीन सीटें कांग्रेस की झोली में गयी थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

four + two =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।