अब तक एक भी बड़े कांग्रेस नेता ने क्यों नहीं किया स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दौरा : मोदी - Punjab Kesari
Girl in a jacket

अब तक एक भी बड़े कांग्रेस नेता ने क्यों नहीं किया स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दौरा : मोदी

मोदी ने सवाल किया कि अब तक किसी भी बड़े कांग्रेस नेता ने देश को समर्पित सरदार वल्लभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सवाल किया कि अब तक किसी भी बड़े कांग्रेस नेता ने दुनिया की सबसे ऊची प्रतिमा के तौर पर पिछले साल ही देश को समर्पित सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दौरा क्यों नहीं किया। पीएम मोदी ने ही गुजरात के नर्मदा जिले में बनी 182 मीटर ऊंची इस प्रतिमा का पिछले साल 31 अक्टूबर को लोकार्पण किया था।

उन्होंने आज गुजरात के अमरेली में एक चुनावी सभा में कहा कि अब तक 12 लाख से अधिक लोग इस प्रतिमा को देखने जा चुके हैं। हर माह 10 से 12 हजार लोग वहां जा रहे हैं पर क्या आपने अब तक किसी कांग्रेसी नेता की स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के साथ तस्वीर देखी है। हालांकि वे दावा करते हैं कि सरदार पटेल उनकी पार्टी कांग्रेस के नेता हैं।

Statue of Unity

कांग्रेस पर अक्सर सरदार पटेल की उपेक्षा का आरोप लगाने वाले मोदी ने अमरेली लोकसभा सीट पर पार्टी के प्रत्याशी तथा गुजरात विधानसभा में विपक्ष के नेता और स्थानीय विधायक परेश धानाणी की इस प्रतिमा के बारे मे की गई एक पूर्व टिप्पणी की ओर इशारा करते हुए उन पर भी परोक्ष प्रहार किया। धानाणी को गत 20 फरवरी को इस मूर्ति को कबाड़ से बनी बताने और इसके लिए माफी नहीं मांगने पर विधानसभा से एक दिन के लिए निलंबित किया गया था।

पीएम मोदी ने कहा कि अगर ऐसे नेताओ का सुबह कोई चेहरा देख ले तो उसका दिन बिगड़ जायेगा। ये लोग सरदार साहेब की प्रतिमा के समक्ष जाकर सिर झुकाएं तो उनका संस्कार भी सुधरेगा। मोदी ने कहा इस प्रतिमा ने दुनिया भर में गुजरात, भारत का नाम ऊंचा किया है। उन्होंने इसे पंडित नेहरू को नीचा दिखाने के लिए नहीं बनाया।

उन्होंने कहा,‘ सरदार वल्लभ भाई पटेल की यह प्रतिमा मेरे लिए श्रद्धा का विषय है। पंडित नेहरू को नीचा दिखाने के लिए मैने इसे नहीं बनवाया। पटेल इतने ऊंचे थे कि उनके सामने दूसरे को नीचा दिखाने के लिए यह करने की जरूरत नहीं। अंग्रेज देश के टुकड़े कर जाना चाहते थे पर सरदार पटेल ने इसे एक तार में पिरो दिया ओर पूरे देश को जोड़ दिया और हम देश के कोने-कोने में भारत माता की जय बोलने लगे। आने वाले पीढ़ियों को ऐसे व्यक्तित्व को सदियों तक याद रखना चाहिए इसलिए उनकी यह प्रतिमा बनाई गई। आज उनके मृत्यु के इतने साल बाद भी उनकी प्रतिमा के पास इतनी बड़ी संख्या में लोग जा रहे हैं।’

pm modi

पटेल ने कहा कि पंडित नेहरू ने अन्य राजे राजवाड़ा को देश में मिलाने का काम सरदार पटेल को सौंपा पर कश्मीर का मामला अपने पास रखा पर यह मामला 70 साल बाद भी हल नहीं हुआ। उन्होने आरोप लगाया कि कांग्रेस की नीति विवादों को बनाये रख कर उससे फायदा उठाने की रही है। उन्होंने दोहराया कि उनकी सरकार ने पांच साल मे देश में आतंकी घटनाओं पर लगाम लगा दिया है और इसके केवल कश्मीर के ढाई जिलों तक सीमित कर दिया है। सर्जिकल और एयर स्ट्राइक के बाद आज पाकिस्तान के रोने की आवाज दुनिया भर से सुनाई पड़ रही है।

उन्होंने गुजरात के लोगों से एक बार फिर भाजपा को सभी 26 सीटों पर जिताने की अपील की और कहा कि पिछली बार मात्र 40 सीटों तक सिमट जाने वाली कांग्रेस अब तक के अपने इतिहास में सबसे कम सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इसके घोषणा पत्र में कश्मीर से सेना हटाने की बात कही गयी है। ऐसा हुआ तो अमरनाथ और वैष्णोदेवी की यात्रा करना भी सुरक्षित नहीं होगा। यह सेना के लिए बने विशेष कानून को हटा कर इसे भी असुरक्षित करना चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।