PM मोदी कल रांची में करेंगे रोड शो - Punjab Kesari
Girl in a jacket

PM मोदी कल रांची में करेंगे रोड शो

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल शाम यहां रोड शो के साथ झारखंड में लोकसभा चुनावों के लिए प्रचार का

रांची : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल शाम यहां रोड शो के साथ झारखंड में लोकसभा चुनावों के लिए प्रचार का शुभारंभ करेंगे और लोहरदगा में बुधवार को दिन में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री दीपक प्रकाश ने आज यहां बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल शाम यहां विशेष विमान से पहुंचेंगे और शाम साढ़े छह बजे से रोड शो करेंगे। प्रधानमंत्री रात्रि विश्राम यहां राजभवन में करेंगे और दूसरे दिन सुबह ग्यारह बजे लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे। वह रांची में भाजपा के उम्मीदवार संजय सेठ और लोहरदगा में आदिवासी मामलों के केन्द्रीय राज्य मंत्री सुदर्शन भगत के लिए प्रचार करेंगे।

रांची में भाजपा की ओर से इस बार खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ चुनाव मैदान में हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस, झारखंड विकास मोर्चा और झारखंड मुक्ति मोर्चा के महागठबंधन की ओर से पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय चुनाव मैदान में हैं। लोहरदगा में केन्द्रीय राज्य मंत्री सुदर्शन भगत के खिलाफ महागठबंधन की ओर से कांग्रेस के सुखदेव भगत चुनाव मैदान में हैं। सुदर्शन भगत तीसरी बार लोकसभा का चुनाव, अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित इस क्षेत्र से लड़ रहे हैं। इससे पूर्व भाजपा के प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 27 अप्रैल को पार्टी के निवर्तमान सांसद सुनील सिंह के लिए चुनाव रैली संबोधित करेंगे।

ये भी पढ़े : महाराष्ट्र में बोले PM – आज हर आतंकी को पता है ये मोदी है, पाताल से निकाल कर भी सजा देगा

कल ही केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह पलामू, चतरा और हजारीबाग में तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे जहां से क्रमशः वीडी राम, सुनील सिंह और केन्द्रीय नागर विमानन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा चुनाव लड़ रहे हैं। राज्य में 14 लोकसभा सीटों के लिए चार दौर में मतदान होना है। 29 अप्रैल को पहले चरण में यहां लोहरदगा, चतरा और पलामू के लिए मतदान होगा। पलामू से भाजपा की ओर से निवर्तमान सांसद पूर्व पुलिस महानिदेशक वीडी राम फिर से चुनाव लड़ रहे हैं।

दूसरे दौर में छह मई को झारखंड की राजधानी रांची की प्रतिष्ठापरक लोकसभा सीट के साथ कोडरमा, अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित खूंटी और हजारीबाग सीटों के लिए मतदान होगा। महागठबंधन की ओर से राजद के घूरन राम पलामू में वीडी राम के खिलाफ मैदान में हैं जबकि चतरा में कांग्रेस के विधायक मनोज यादव महागठबंधन की ओर से चुनाव मैदान में है। महागठबंधन से विद्रोह कर राजद ने यहां से भी अपना उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारा है और उसकी ओर से सुभाष यादव यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। हजारीबाग से महागठबंधन की ओर से कांग्रेस ने गोपाल साहू को चुनाव मैदान में उतारा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।