पटना : आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद सुशील कुमार गुप्ता ने बिहार में शिक्षा की बदहाली के लिए नीतीश सरकार को जिम्मेवार ठहराया और कहा कि सरकार योग्य शिक्षकों की बजाये पुलिस के बल पर शिक्षा के क्षेत्र में सुधार करना चाहती है। श्री गुप्ता ने आज यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि संसाधन की दृष्टि से बिहार को देश के सम्पन्न राज्यों में होना चाहिए था लेकिन आजादी के बाद से जितनी भी सरकारें रही इस ओर किसी ने भी ध्यान नहीं दिया।
बिहार के अधिकांश प्राथमिक स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं नहीं है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही शिक्षकों विशेषकर योग्य शिक्षकों की भी भारी कमी है। राज्यसभा सांसद ने कहा कि प्राथमिक स्कूलों में जो शिक्षक हैं भी उनमें से अधिकांश अनुपस्थित रहते हैं। स्कूलों का समय-समय पर निरीक्षण भी नहीं किया जाता है।
उन्होंने कहा कि छात्रों को प्रारंभिक शिक्षा हर हाल में उच्चस्तरीय मिलनी चाहिए तभी छात्र राज्य और देश का नाम रौशन कर सकेंगे। श्री गुप्ता ने कहा कि बिहार सरकार शिक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। पिछले कुछ वर्षो में मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के जो परिणाम आयें है उससे बिहार की काफी बदनामी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार योग्य शिक्षकों के बजाये पुलिस के बल पर शिक्षा के क्षेत्र में सुधार करना चाहती है। परीक्षा के समय केन्द्रों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाती है।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि बिहार सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में कुल बजट का मात्र छह प्रतिशत राशि खर्च किये जाने का प्रावधान किया है जबकि दिल्ली जैसे छोटे प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में कुल बजट का 24 प्रतिशत प्रावधान किया गया है। दिल्ली की सरकार ने मात्र तीन वर्षो के अपने कार्यकाल में स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम किया है जिसपर कई विशेषज्ञ शोध करने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आज निजी स्कूलों से लोग अपने बच्चों का नाम कटवाकर सरकारी स्कूलों में नामांकन करवा रहे हैं।
श्री गुप्ता ने कहा कि बिहार सरकार को नालंदा एवं विक्रशिला के इतिहास को पलट कर देखना चाहिए और बेहतर शिक्षा व्यवस्था बनानी चाहिए। बिहार को यदि आगे ले जाना है तो सरकार को प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा व्यवस्था में सुधार करना होगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बिहार सरकार को दिल्ली की सरकार से अधिक बजट का प्रावधान करना चाहिए। संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश प्रवक्ता शत्रुघ्न साह, मिथलेश कुमार सिंह, अमर यादव, मनोज यादव समेत अन्य उपस्थित थे।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे


















