मुलायम-अखिलेश ने की योगी सरकार की छवि खराब करने की कोशिश : शाही  - Punjab Kesari
Girl in a jacket

मुलायम-अखिलेश ने की योगी सरकार की छवि खराब करने की कोशिश : शाही 

NULL

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने समाजवादी पार्टी (सपा) संरक्षक मुलायम सिंह यादव और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को आड़े हाथ लेते हुए आज कहा कि पिता-पुत्र दोनों ने ही राज्य की योगी सरकार की छवि खराब करने की कोशिश की है। शाही ने कहा कि खुद को धरती पुत्र और किसानों का मसीहा बताने वाले पिता-पुत्र यह भूल रहे हैं कि वे 15 साल तक प्रदेश में सत्ता में रहे और किसानों के साथ केवल दिखावटी प्रेम करते रहे।

उन्होंने कहा, ‘अब दोनों (मुलायम—अखिलेश) राज्य में योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ षडयंत्र कर रहे हैं। किसान रात के अंधेरे में मुख्यमंत्री आवास के सामने आलू फेंकने नहीं आएंगे बल्कि वे दिन में विरोध प्रदर्शन करेंगे क्योंकि वे कोई चोर नहीं हैं जो रात में आते हैं।’’ राजधानी में महत्वपूर्ण स्थानों पर आलू फेंके जाने की घटनाओं पर सपा को आड़े हाथों लेते हुए शाही ने कहा कि आलू किसानों की समस्या को समझते हुए ‘मुख्यमंत्री ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया, जिसका मैं भी सदस्य हूं।’’

उन्होंने बताया कि समिति अपनी रिपोर्ट 22 जनवरी को मुख्यमंत्री को सौंप देगी। शाही ने कहा कि आलू किसानों को पूर्व की सरकारों के समय भी समस्याओं का सामना करना पडा था लेकिन अब आलू का खरीद मूल्य तय कर दिया गया है। जब आलू का दाम 250 से 300 रूपये प्रति क्विंटल था, तब हमने इसे 467 रूपये प्रति क्विंटल कर दिया। मंत्री ने कहा कि पिछले शनिवार सपा के एक कार्यकर्ता सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इन पर उत्तर प्रदेश विधानभवन के सामने आलू फेंकने का आरोप है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के किसानों के मुद्दे पर भाजपा सरकार को कोसने संबंधी ट्विटर पर पोस्ट किये गये संदेशों के बारे में शाही ने कहा कि अखिलेश इन दिनों बेरोजगारी का शिकार हैं और वह केवल ट्वीट कर सकते हैं लेकिन ट्वीट में कोई सच्चाई नहीं है। सपा ने किसानों के लिए काम नहीं किया लेकिन भाजपा किसानों के हित में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसानों की आय 2022 तक दोगुनी करने के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं। किसानों की कर्ज माफी की गयी और करोडों रूपये की परियोजनाओं के तहत किसानों को बीज और खेती की मशीनें मुहैया करायी जा रही हैं। शाही ने दावा किया कि भाजपा की कडी मेहनत से अन्य पार्टियां घबरा गयी हैं।

अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक  करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

two + twenty =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।