उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उत्तर प्रदेश में शराबबंदी कर गुजरात मॉडल लागू करना चाहिए जिससे यहां विकास के नये रास्ते खुल सकें।
राजभर ने प्रधानमंत्री मोदी को उनका चुनावी वादा याद दिलाते हुए कहा कि 2014 में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान मोदी ने अपने भाषण में गुजरात मॉडल लागू करने की बात कही थी।
राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री को उत्तर प्रदेश में शराबबंदी कराकर गुजरात मॉडल लागू करना चाहिए। इससे यहां विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
राजभर ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी द्वारा आयोजित महिला सम्मेलन में कहा कि पिछड़ा वर्ग आरक्षण कोटे के विभाजन के लिए उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बीच सहमति हो गयी है।
उन्होंने कहा कि इसके लिए पिछड़ा वर्ग को पिछड़ा, अति पिछड़ा तथा सर्वाधिक पिछड़ा तीन वर्ग में विभाजित किया जाएगा और सबके लिए कोटा निर्धारित किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश मे शराबबंदी लागू कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए राजभर ने कहा कि देश में 1952 से चुनाव हो रहे हैं लेकिन किसी पार्टी ने शराबबंदी कराने का साहस नहीं दिखाया।
उन्होंने महिलाओं को आगाह करते हुए कहा कि शराब पिलाकर वोट मांगने वालो को सत्ता के गलियारे तक नहीं पहुंचने देना है। उन्होंने अपने मतदाताओं को सचेत करते हुए कहा कि पहले सपा और बसपा अलग -अलग लूटते थे। अब आगामी लोकसभा चुनाव में सपा, बसपा और कांग्रेस तीनों मिलकर देश को लूटने की योजना बना रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी से मतभेद की बात से इनकार करते हुए राजभर ने कहा कि योगी उनके ‘कैप्टन’ हैं और वह उनकी हर बात ध्यान से सुनते हैं।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


















