नई दिल्ली : कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद मोदी पर कर्नाटक के लोगों का अपमान करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने यहां पार्टी मुख्यालय में नियमित ब्रीफिंग में कहा कि देश के सर्वोच्च पद पर आसीन व्यक्ति श्री मोदी कर्नाटक और राज्य के लोगों के संबंध में अनाप शनाप बोल रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी को राज्य में अपनी हार सामने दिखाई दे रही है इसलिए श्री मोदी भय और बौखलाहट में एक के बाद एक गलती कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री अंतर्राष्ट्रीय स्तर के शहर बेंगलुरू को कूड़ का शहर, गड्ढों का शहर और अनैतिकता का शहर बता रहे हैं जबकि यह शहर भारत की आईटी क्रांति का जनक है। यह स्टार्टअप का शहर है और इसने वैश्विक स्तर पर भारत के लिए प्रतिष्ठा अर्जित की है। श्री सिंघवी ने कहा कि श्री मोदी को कांग्रेस की आलोचना करने का अधिकार है लेकिन वह वोट के लिए कर्नाटक और उसके प्रतीकों तथा लोगों का अपमान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को कर्नाटक के लोगों का अपमान करने के लिए माफी मांगनी चाहिए। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट पर कहा, ‘प्रिय प्रधानमंत्री, उद्यानों के शहर तथा‘भारत के गर्व’बेंगलुरू को‘ कूड़ का शहर’कहना उसका अपमान है।’ प्रधानमंत्री ने कल एक जनसभा में कहा था कि बेंगलुरु एक महानगर है। कांग्रेस शहर में अव्यवस्था लाने का प्रयास कर रही है। कर्नाटक के प्रतिभावान युवकों ने राज्य को‘स्टार्टअप कैपिटल’के रुप में बदला है लेकिन कांग्रेस सरकार ने इसे गड्ढों की राजधानी बना दिया है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।