मीडिया दिग्गज Ramoji Rao का राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा अंतिम संस्कार Media Baron Ramoji Rao Will Be Cremated With State Honors
Girl in a jacket

मीडिया दिग्गज Ramoji Rao का राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा अंतिम संस्कार

ईनाडु ग्रुप ऑफ कंपनीज के चेयरमैन रामोजी राव (Ramoji Rao) का हैदराबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 87 साल के थे। उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने के चलते 5 जून को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उनका निधन सुबह 4.50 बजे हुआ। रामोजी राव सबसे ज्यादा प्रसारित होने वाले तेलुगु डेली ‘Eenadu’, ‘ईटीवी’ चैनल ग्रुप और रामोजी फिल्म सिटी के संस्थापक थे। उनके पार्थिव शरीर को रामोजी फिल्म सिटी स्थित उनके आवास पर ले जाया गया।

  • रामोजी राव का हैदराबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया
  • उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने के चलते 5 जून को भर्ती कराया गया था
  • उनके पार्थिव शरीर को उनके आवास पर ले जाया गया

रामोजी राव के निधन के बाद शोक की लहर

rao

रामोजी राव का जन्म 16 नवंबर 1936 को आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में हुआ था। उन्होंने 10 अगस्त 1974 को विशाखापत्तनम से तेलुगु डेली ईनाडु की शुरुआत की। थोड़े ही समय में यह एक प्रमुख अखबार बन गया। रामोजी राव के निधन की खबर के बाद शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामोजी राव को देश की मीडिया में क्रांति लाने का श्रेय देते हुए उनके निधन पर दुःख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, श्री रामोजी राव गारू का निधन अत्यंत दुःखद है। वह एक दूरदर्शी व्यक्ति थे जिन्होंने भारतीय मीडिया में क्रांति ला दी। उनके समृद्ध योगदान ने पत्रकारिता और फिल्म जगत पर अमिट छाप छोड़ी है। अपने उल्लेखनीय प्रयासों के माध्यम से उन्होंने मीडिया और मनोरंजन जगत में नवाचार तथा उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित किए।

राज्य सरकार ने राजकीय सम्मान देने का किया फैसला

 

ramaji rao

तेलंगाना सरकार ने राजकीय सम्मान के साथ रामोजी राव का अंतिम संस्कार करने का फैसला किया है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने ईनाडु ग्रुप के चेयरमैन के निधन पर शोक व्यक्त किया और अधिकारियों को राजकीय सम्मान के साथ उनके अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। रेवंत रेड्डी ने रामोजी राव के निधन को तेलुगु पत्रकारिता और मीडिया इंडस्ट्री के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि रामोजी राव ने तेलुगु पत्रकारिता को विश्वसनीयता और उद्योग को मूल्य दिए। तेलुगु देशम पार्टी के अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू ने रामोजी राव के निधन पर दुःख व्यक्त किया। चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि साधारण परिवार में जन्मे रामोजी राव ने असाधारण उपलब्धियां हासिल कीं। यह न केवल तेलुगु लोगों के लिए बल्कि पूरे देश के लिए क्षति है। रामोजी राव के साथ अपने चार दशकों के जुड़ाव को याद करते हुए टीडीपी प्रमुख ने कहा कि उन्होंने सच्चाई और अटूट मूल्यों के साथ मीडिया क्षेत्र में अपने लिए एक अलग जगह बनाई।

देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

nine + 14 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।