Maharashtra New CM : महाराष्ट्र में अगले मुख्यमंत्री के नाम से जल्द ही पर्दा उठ जाएगा। मुख्यमंत्री पद की रेस में देवेंद्र फडणवीस सबसे आगे हैं। सूत्रों के अनुसार, बीजेपी शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को मुख्यमंत्री पद की भरपाई के लिए तीन बड़े विभागों समेत कैबिनेट में 12 सीटें दे सकती है।
पवार गुट को मिल सकते हैं 9 मंत्री पद
सूत्रों ने बताया कि अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा को कैबिनेट में 9 मंत्री पद मिल सकते हैं। प्रदेश में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 43 मंत्री हो सकते हैं। इनमें से आधी सीटें बीजेपी अपने पास रखेगी।
इस सप्ताह के अंत में हो सकता है शपथ ग्रहण
शहरी विकास, लोक निर्माण विभाग और जल संसाधन, ये मंत्रालय शिंदे गुट को मिल सकता है। नया मुख्यमंत्री बीजेपी से और दो उपमुख्यमंत्रियों शिवसेना और एनसीपी से हो सकते हैं। सूत्रों ने कहा कि पवार ने अपनी पार्टी के नेताओं से कहा है कि शपथ ग्रहण समारोह इस सप्ताह के अंत में आयोजित किया जा सकता है।