Mann Ki Baat: ग्लोबल वार्मिंग से लड़ने के लिए PM मोदी ने लोगों से पेड़ लगाने की अपील की - Punjab Kesari
Girl in a jacket

Mann Ki Baat: ग्लोबल वार्मिंग से लड़ने के लिए PM मोदी ने लोगों से पेड़ लगाने की अपील की

पीएम मोदी की अपील: पेड़ लगाकर ग्लोबल वार्मिंग से लड़ें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना की और लोगों से ग्लोबल वार्मिंग से लड़ने के लिए पेड़ लगाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत 140 करोड़ पेड़ लगाए गए हैं, जो पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 121वें एपिसोड को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना की। पीएम मोदी का कहना है कि 140 करोड़ नागरिकों की एकजुटता से देश में 140 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाए गए हैं।

पीएम मोदी ने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत हमारे 140 करोड़ नागरिक हैं, उनकी योग्यता है, उनकी इच्छाशक्ति है। जब करोड़ों लोग एक साथ किसी अभियान से जुड़ते हैं, तो उसका प्रभाव बहुत बड़ा होता है। इसका एक उदाहरण ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान है। यह अभियान उस मां के नाम है, जिसने हमें जन्म दिया है और यह उस धरती मां के लिए भी है जो हमें अपनी गोद में धारण किए रहती है।

पीएम मोदी ने कहा कि 5 जून को ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ पर इस अभियान के एक साल पूरे हो रहे हैं। इस एक साल में इस अभियान के तहत देश-भर में मां के नाम पर 140 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाए गए हैं। भारत की इस पहल को देखते हुए, देश के बाहर भी लोगों ने अपनी मां के नाम पर पेड़ लगाए हैं। आप भी इस अभियान का हिस्सा बनें, ताकि एक साल पूरा होने पर, अपनी भागीदारी पर आप गर्व कर सकें।

उन्होंने कहा कि पेड़ों से शीतलता मिलती है, पेड़ों की छांव में गर्मी से राहत मिलती है, यह हम सब जानते हैं। लेकिन बीते दिनों मैंने इसी से जुड़ी एक और ऐसी खबर देखी जिसने मेरा ध्यान खींचा। पीएम मोदी ने कहा कि गुजरात के अहमदाबाद शहर में पिछले कुछ वर्षों में 70 लाख से ज्यादा पेड़ लगाए गए हैं। इन पेड़ों ने अहमदाबाद में हरियाली का क्षेत्र काफी बढ़ा दिया है। इसके साथ-साथ, साबरमती नदी पर रिवर फ्रंट बनने से और कांकरिया झील जैसे कुछ झीलों के पुनर्निर्माण से यहां वाटर बॉडीज की संख्या भी बढ़ गई है। अब न्यूज रिपोर्ट्स कहती हैं कि बीते कुछ वर्षों में अहमदाबाद ग्लोबल वार्मिंग से लड़ाई लड़ने वाले प्रमुख शहरों में से एक हो गया है। इस बदलाव को, वातावरण में आई शीतलता को, वहां के लोग भी महसूस कर रहे हैं। अहमदाबाद में लगे पेड़ वहां नई खुशहाली लाने की वजह बन रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि मेरा आप सबसे फिर आग्रह है कि धरती की सेहत ठीक रखने के लिए, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए और अपने बच्चों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए ‘एक पेड़-मां के नाम’ पेड़ जरूर लगाएं।

‘पहलगाम के पीड़ित परिवारों को न्याय मिलकर रहेगा’, आतंकवाद के खिलाफ PM Modi का संकल्प

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

13 − 7 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।