उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में संगम तट पर सनातन संस्कृति के भव्य महापर्व, महाकुंभ का आयोजन पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ हो रहा है। दिव्यता और भव्यता से परिपूर्ण इस महाकुंभ में देश-विदेश से आए श्रद्धालु मां गंगा में पवित्र स्नान कर अपनी आस्था प्रकट कर रहे हैं। रविवार का दिन विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहा, जब सुबह से लेकर रात तक लाखों श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई।
सनातन संस्कृति की अद्भुत छटा ✨🔱🚩
महाकुम्भ-2025, प्रयागराज में आज 1.74 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र संगम में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। अब तक 13.21 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पवित्र त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं।
।। जय माँ गंगे।। pic.twitter.com/kvm78FD3en
— MahaKumbh 2025 (@MahaaKumbh) January 26, 2025
1.74 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में किया स्नान
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, रविवार रात 8:30 बजे तक 1.74 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया। वहीं, 26 जनवरी तक यह आंकड़ा बढ़कर 13.21 करोड़ हो चुका है। शनिवार तक यह संख्या 11.47 करोड़ थी। इसके अतिरिक्त, कल्पवासियों की संख्या 10 लाख से अधिक बताई जा रही है।
अखिलेश यादव ने संगम में लगाई डुबकी
रविवार के दिन की खास बात यह रही कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी महाकुंभ में स्नान कर अपनी आस्था व्यक्त की। उनके साथ पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे। स्नान के दौरान सपा नेताओं ने चारों ओर से उन्हें घेर रखा था। अखिलेश यादव ने संगम में डुबकी लगाई और सूर्य को अर्घ्य दिया।
महाकुंभ के पावन अवसर पर ‘संगम’ में:
एक डुबकी माँ त्रिवेणी को प्रणाम की…
एक डुबकी आत्म-ध्यान की…
एक डुबकी सर्व कल्याण की…
एक डुबकी सबके उत्थान की…
एक डुबकी सबके मान की…
एक डुबकी सबके सम्मान की…
एक डुबकी सर्व समाधान की…
एक डुबकी दर्द से निदान की…
एक डुबकी प्रेम के आह्वान… pic.twitter.com/LN1hLQ1Q0p— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) January 26, 2025
29 जनवरी को मौनी अमावस्या के दिन 10 करोड़ को पार कर सकता है आंकड़ा
महाकुंभ के दौरान अब तक सबसे ज्यादा भीड़ 14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन देखने को मिली, जब 3.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में अमृत स्नान किया। अनुमान है कि 29 जनवरी को मौनी अमावस्या के दिन यह आंकड़ा 10 करोड़ को पार कर सकता है, जो एक नया रिकॉर्ड होगा।
बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं में पवित्र स्नान को लेकर भारी उत्साह
संगम नगरी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। यहां पहुंचे श्रद्धालु संगम स्थल की ओर पैदल बढ़ते हुए नजर आ रहे हैं। बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं में पवित्र स्नान को लेकर भारी उत्साह है। कुंभ का यह आयोजन श्रद्धा, आस्था और परंपरा के संगम का प्रतीक बनकर सबको आकर्षित कर रहा है।