लोकसभा चुनाव 2019 : खुली जीप में रांची की सड़कों पर रोड शो करने निकले PM मोदी - Punjab Kesari
Girl in a jacket

लोकसभा चुनाव 2019 : खुली जीप में रांची की सड़कों पर रोड शो करने निकले PM मोदी

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से बिरसा मुंडा चौक तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो जारी है। मोदी के

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से बिरसा मुंडा चौक तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो जारी है। मोदी के साथ मुख्यमंत्री रघुवर दास, रांची लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ, झारखंड लोकसभा चुनाव प्रभारी मंगल पांडेय सहित अन्य नेता व पार्टी के पदाधिकारी मौजूद हैं।

इस दौरान खुली जीप में खड़े होकर मोदी सड़क किनारे लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार कर रहे हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री मंगलवार की शाम लगभग छह बजे दुर्गापुर से रांची एयरपोर्ट पहुंचे।

modi show

वहां से बिरसा चौक तक रोड शो कर रहे हैं। बिरसा चौक पर बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद वह सीधे राजभवन चले आएंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे।

लोकसभा चुनाव 2019 : साध्वी प्रज्ञा ने भरा नामांकन-पत्र

आपको बता दें की इससे पूर्व प्रधानमंत्री के रोड शो की तैयारी का जायजा कल स्वयं मुख्यमंत्री रघुवर दास ने लिया और वह अधिकारियों की पूरी टीम और भाजपा के पदाधिकारियों के साथ देर रात्रि तक पूरे इलाके का भ्रमण करते रहे।

समझा जाता है कि सुरक्षा कारणों के चलते एवं लोगों की असुविधा का ध्यान रखते हुए प्रधानमंत्री का रोड शो शहर के मध्य कहीं नहीं रखा गया है। प्रधानमंत्री के रोड शो को लेकर यहां लोगों में भारी उत्साह और उत्सुकता देखी जा रही है।

प्रधानमंत्री रात्रि विश्राम यहां राजभवन में करेंगे और बृहस्पतिवार को सुबह ग्यारह बजे लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री रांची में भाजपा के उम्मीदवार संजय सेठ और लोहरदगा में आदिवासी मामलों के केन्द्रीय राज्य मंत्री सुदर्शन भगत के लिए प्रचार करेंगे।

रांची में भाजपा की ओर से इस बार खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ चुनाव मैदान में हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस, झारखंड विकास मोर्चा और झारखंड मुक्ति मोर्चा के महागठबंधन की ओर से पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय चुनाव मैदान में हैं।

लोहरदगा में केन्द्रीय राज्य मंत्री सुदर्शन भगत के खिलाफ महागठबंधन की ओर से कांग्रेस के सुखदेव भगत चुनाव मैदान में हैं। सुदर्शन भगत तीसरी बार लोकसभा का चुनाव अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित इस क्षेत्र से लड़ रहे हैं।

इससे पूर्व भाजपा के प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 27 अप्रैल को पार्टी के निवर्तमान सांसद सुनील सिंह के लिए चुनाव रैली संबोधित करेंगे।

आज ही केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह पलामू, चतरा और हजारीबाग में तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे जहां से क्रमशः वीडी राम, सुनील सिंह और केन्द्रीय नागर विमानन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा चुनाव लड़ रहे हैं।

राज्य में चार दौर में 14 लोकसभा सीटों के लिए मतदान होने हैं। 29 अप्रैल को पहले चरण में यहां लोहरदगा, चतरा और पलामू के लिए मतदान होगा।

पलामू से भाजपा की ओर से निवर्तमान सांसद पूर्व पुलिस महानिदेशक वीडी राम फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरे दौर में छह मई को झारखंड की राजधानी रांची की प्रतिष्ठापरक लोकसभा सीट के साथ कोडरमा, अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित खूंटी और हजारीबाग सीटों के लिए मतदान होगा।

महागठबंधन की ओर से राजद के घूरन राम पलामू में वीडी राम के खिलाफ मैदान में हैं जबकि चतरा में कांग्रेस के विधायक मनोज यादव महागठबंधन की ओर से चुनाव मैदान में है। महागठबंधन से विद्रोह कर राजद ने यहां से भी अपना उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारा है और उसकी ओर से सुभाष यादव यहां से चुनाव लड़ रहे हैं।

हजारीबाग से महागठबंधन की ओर से कांग्रेस ने गोपाल साहू को चुनाव मैदान में उतारा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

three × one =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।