भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) ने रविवार को ‘चंद्रयान 2’ से ली गई पृथ्वी की तस्वीरों का पहला सैट जारी किया। यह तस्वीरें चंद्रयान 2 पर लगे एल 14 कैमरे से ली गई हैं। यह तस्वीरें पृथ्वी को विभिन्न रूपों में दिखाती हैं। इसरो ने इन तस्वीरों के साथ एक ट्वीट में कहा, ‘‘चंद्रयान 2 एल 14 कैमरों से तीन अगस्त, 2019’’ चंद्रयान 2, चांद के अध्ययन के लिए भेजा गया देश का दूसरा मिशन है। इसे पिछले पखवाड़े ही अंतरिक्ष में प्रक्षेपित किया गया था।
गौरतलब है कि देश के चंद्रमा के लिए दूसरे महत्वाकांक्षी मिशन चंद्रयान-2 को 22 जुलाई को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपित किया गया था। वह 20 अगस्त को चंद्रमा की कक्षा में पहुंचेगा। चंद्रमा पर भारत के दूसरे मिशन चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण 22 जुलाई को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से किया गया था।
अभी चंद्रयान धरती की कक्षा में चक्कर लगा रहा है। तय कार्यक्रम के मुताबिक, 13 अगस्त को चंद्रमा की ओर इसकी यात्रा शुरू होगी और 20 अगस्त को यह चंद्रमा की कक्षा में पहुंचेगा। अगले 12 दिन यानी 01 सितंबर तक चंद्रयान कक्षा में ही रहेगा। अगले दिन 02 सितंबर को चंद्रयान के तीन हिस्सों में से लैंडर और उसके साथ जुड़े रोवर ऑर्बिटर से अलग हो जाएगा और 03 सितंबर को इनकी गति कम की जाएगी।
मिशन का सबसे महत्वपूर्ण दिन 07 सितंबर को होगा जब लैंडर चंद्रमा की कक्षा से उसकी सतह पर उतरना शुरू करेगा और अंतत: चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव के क्षेत्र में उतरेगा। चंद्रमा पर उतरने के बाद रोवर लैंडर से अलग हो जाएगा और 500 मीटर के दायरे में घूम कर तस्वीरें अन्य जानकारी एकत्र करेगा।
इसरो ने बताया कि इस क्षण का सीधा प्रसारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ देखने के लिए आम लोगों के लिए एक क्विज का आयोजन किया गया है। इसका लिंक माईगोवडॉटइन पर उपलब्ध है। तीन सौ सेकेंड के क्विज में चंद्रयान के बारे में 20 प्रश्न होंगे। इसमें 10 अगस्त से 20 अगस्त के बीच ऑनलाइन हिस्सा लिया जा सकता है।