इराक: मोसुल में मारे गए सभी भारतीयों के शव आज आएंगे भारत - Punjab Kesari
Girl in a jacket

इराक: मोसुल में मारे गए सभी भारतीयों के शव आज आएंगे भारत

NULL

नई दिल्ली: इराक के शहर मोसुल में आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) द्वारा मारे गए भारतीय नागरिकों के शव आज भारत आ सकते हैं। मारे गए सभी भारतीयों के शव लाने के लिए विदेश राज्य मंत्री वी.के. सिंह रविवार को इराक के लिए रवाना हो चुके हैं। सिंह ने रवाना होने से पहले कहा कि आईएस ने साल 2014 में मोसुल पर कब्जा करने के बाद 39 भारतीयों की हत्या कर दी थी। एक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाने के कारण 38 भारतीय नागरिकों के शव भारत लाए जाएंगे।

सिंह शवों के साथ आज देर रात भारत लौट सकते हैं। इसके बाद वह पंजाब के अमृतसर और बिहार के पटना जाकर मृतकों के परिजनों को शव सौंपेंगे। मारे गए 39 लोगों में 27 पंजाब से और चार बिहार से थे। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने 20 मार्च को संसद को सूचित किया था कि इराक में मजदूरी का काम कर रहे जिन 39 भारतीयों का 2014 में मोसुल से अपहरण हो गया था, उनकी हत्या हो गई है। इससे पहले इराक से बच निकले हरजीत मसीह ने दावा किया था कि आईएस ने 39 भारतीयों की गोली मारकर हत्या कर दी है। इसके जबाव में विदेश मंत्री ने कहा था कि जब तक इस संबंध में कोई ठोस सबूत नहीं मिल जाता, वे किसी की मृत्यु की पुष्टि नहीं कर सकतीं। मंत्री ने कहा था कि लापता 39 भारतीय नागरिकों में से 38 के डीएनए नमूनों के आधार पर उनकी शिनाख्त हुई थी। 39वें व्यक्ति के परिजनों की मौत होने के बाद उनके एक रिश्तेदार ने अपना डीएनए नमूना भेजा था, फिलहाल उनकी शिनाख्त नहीं हुई है।

 

24X7  नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।