इंदौर के राजा हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के लिए पति राजा की हत्या की। सोनम ने राज और भाड़े के हत्यारों के साथ मिलकर राजा की सुपारी दी थी। पुलिस ने सोनम और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इंदौर के राजा हत्याकांड ने पूरे देश में सनसनी पैदा कर दी है। राजा रघुवंशी अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून मनाने मेघालय गया था, लेकिन उसे नहीं पता था कि सोनम ने ही उसकी मौत का जाल तैयार कर रखा है। 23 मई को मेघालय से दोनों के लापता होने की खबर मिली, लेकिन 2 जून को जब राजा का शव खाई में मिला तो शक की सुई सोनम पर चली गई। सोनम तब से ही फरार थी। अब पुलिस को इस मामले में बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने यूपी के गाजीपुर से सोनम को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बाकी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोनम की गिरफ्तारी के साथ इस कहानी में नए नए खुलासे हो रहे हैं। मेघालय के डीजीपी ने भी कहा है कि राजा की पत्नी भी कथित तौर पर हत्या मामले में शामिल थी।
प्रेमी के लिए ली पति की जान
इस मामले में बड़ा खुलासा हुआ है कि सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के लिए पति राजा की जान ली। मेघालय डीजीपी आई.नोंगरांग ने पुष्टि की कि सोनम ने राज कुशवाह और भाड़े के हत्यारों के साथ मिलकर पति राजा की हत्या की सुपारी दी थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राज कुशवाहा, विक्की ठाकुर, आनंद और सोनम शामिल हैं। शिलांग पुलिस ने पहले ही तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। सोनम रघुवंशी ने नंदगंज थाने में सरेंडर किया, जहां से उसे हिरासत में ले लिया गया। पुलिस अन्य कड़ियों को भी जोड़ने की कोशिश कर रही है।
फोन पर बात करते थे दोनों
इस मर्डर स्टोरी में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सोनम का प्रेमी राज उसके पापा की फैक्ट्री में काम करता था। राज कुशवाह सोनम की कंपनी में काम करता था। राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने बताय, ‘मुझे गिरफ्तार किए गए अन्य 3-4 लोगों के बारे में कुछ नहीं पता, मुझे उनके नाम भी नहीं पता… राज कुशवाह का नाम आया, इसका मतलब है कि सोनम रघुवंशी भी राजा की हत्या में शामिल है क्योंकि राज कुशवाह उसका कर्मचारी था। वे लगातार फोन पर बात करते थे।’
सोनम की कंपनी में मैनेजर था राज
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोनम पढ़ाई के बाद अपने पिता की कंपनी मीका में काम करने लगी थी। वह कंपनी में एचआर हेड थी और राज कुशवाह मैनेजर के पद पर काम करता था। यहीं दोनों की मुलाकात हुई और फिर एक-दूसरे से प्यार हो गया। राज सोनम से पांच साल छोटा था। राज के प्यार में ही सोनम ने पति राजा की हत्या की।
Raja Raghuvanshi Murder: घंटों तक राज से बातें करती थी सोनम, फांसी की सजा मिले; मां ने की बड़ी मांग