झारखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को राजधानी रांची से सत्ताधारी हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सोरेन सरकार भाजपा की जन आक्रोश रैली से डरी हुई है। शिवराज सिंह चौहान रांची के मोराबादी मैदान में भारतीय युवा मोर्चा के नेतृत्व में होने वाली युवा जन आक्रोश रैली के लिए गुरुवार देर शाम राजधानी पहुंचे। प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने झामुमो सरकार को घेरा। केंद्रीय मंत्री ने कहा, सोरेन सरकार भाजपा की जन आक्रोश रैली से डर चुकी है। भाजपा के कार्यकर्ताओं को जगह-जगह रोका जा रहा है। यह अन्याय की अति है, जुल्म की पराकाष्ठा है। एक डरा हुआ मुख्यमंत्री ही ऐसा कर सकता है। हेमंत सोरेन से न झारखंड संभल रहा है, न पार्टी संभल रही है।
- शिवराज सिंह चौहान ने रांची से हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा
- उन्होंने कहा कि सोरेन सरकार भाजपा की जन आक्रोश रैली से डरी हुई है
- शिवराज सिंह युवा जन आक्रोश रैली के लिए गुरुवार देर शाम राजधानी पहुंचे
भाजपा कार्यकर्ता सोरेन सरकार से डरने वाले नहीं- शिवराज सिंह
शिवराज ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता सोरेन सरकार के गीदड़ भभकी से डरने वाले नहीं हैं। हम और हमारे कार्यकर्ता अन्याय के खिलाफ लड़ेंगे। झारखंड की जनता को अहिंसात्मक तरीके से न्याय दिलाकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार आंदोलन को कुचल नहीं सकती है। केंद्रीय मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा, “हेमंत सोरेन के इशारे पर जो लोग ऐसा कर रहे हैं अगर उन लोगों ने अलोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को रोकने की कोशिश की तो अधिकारियों को समझना होगा कि यह दो महीने की सरकार है। हम लोग लोकतंत्र का पालन करने वाले लोग हैं, हमें तो इंदिरा (गांधी) नहीं रोक पाईं तो हेमंत क्या रोकेंगे।”
शिवराज ने लगाया आरोप
शिवराज ने आरोप लगाया कि डीजीपी और एसपी को भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने का आदेश दिया जा रहा है। चुनावी राज्य झारखंड की राजधानी रांची में भाजपा युवा जन आक्रोश रैली निकाल रही है। राज्य में इसी साल चुनाव होने हैं, हालांकि अभी चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं की गई है। इससे पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हेमंत सोरेन सरकार में मंत्री चंपई सोरेन के अगले कदम को लेकर मंगलवार को भी सस्पेंस बरकरार रहा। दूसरी तरफ, राज्य के राजनीतिक हालात को लेकर सत्तारूढ़ गठबंधन से लेकर भाजपा के कैंप में सुबह से लेकर देर शाम तक रणनीति बनाने और बैठकों का दौर चलता रहा। चंपई सोरेन दो दिन पहले अचानक दिल्ली पहुंचे थे तो इस बात की चर्चा थी कि वह झामुमो के चार अन्य विधायकों के साथ भाजपा में शामिल होने वाले हैं। चंपई ने दिल्ली पहुंचने पर इस संभावना को खारिज करते हुए अपने दौरे को निजी प्रवास बताया, लेकिन शाम में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट जारी कर कहा कि सीएम पद से उन्हें अपमानजनक तरीके से हटाया गया और अब उनके लिए तीन ही ऑप्शन बचे हैं।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।