ग्वालियर की पुरातत्व संपदा अद्भुत : राघवेन्द्र सिंह - Punjab Kesari
Girl in a jacket

ग्वालियर की पुरातत्व संपदा अद्भुत : राघवेन्द्र सिंह

NULL

ग्वालियर : ग्वालियर की हैरीटेज संपदा को देखकर भारत सरकार के संस्कृति विभाग के सचिव श्री राघवेन्द्र सिंह ने कहा कि ग्वालियर की पुरातत्व संपदा अदभुत है। इसे और संवारने की आवश्यकता है। श्री राघवेन्द्र सिंह ने ग्वालियर के मोतीमहल स्थित संग्रहालय, विक्टोरिया मार्केट, मोतीमहल, गोरखी हाईस्कूल, स्काउट एण्ड गाइड तथा नगर निगम के पुराने निगम भवन का अवलोकन किया। उनके साथ नगर निगम आयुक्त श्री विनोद शर्मा, स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री महिप तेजस्वी सहित पुरातत्व विभाग, जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी उपस्थित थे।

भारत सरकार के संस्कृति विभाग के सचिव श्री राघवेन्द्र सिंह ने नगर निगम द्वारा संचालित मोतीमहल संग्रहालय का अवलोकन करते हुए कहा कि संग्रहालय में अदभुत पुरातत्व व ऐतिहासिक महत्व की वस्तुओं का संग्रहण हैं। यहाँ पर पशु-पक्षियों के साथ ही महारानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे के अस्त्र-शस्त्रों का भी देखने लायक संग्रहण है। श्री राघवेन्द्र सिंह ने नगर निगम आयुक्त श्री विनोद शर्मा से कहा कि इस म्यूजियम को डिजिटल म्यूजियम के रूप में स्थापित किया जाए। इसके लिये शीघ्र ही एक डीपीआर तैयार कर मध्यप्रदेश सरकार के माध्यम से केन्द्र सरकार को भेजी जाए। केन्द्र सरकार द्वारा इसके लिये पर्याप्त धनराशि मुहैया कराई जायेगी।

भारत सरकार के संस्कृति सचिव श्री राघवेन्द्र सिंह ने कहा कि ग्वालियर निगम म्यूजियम की इमारत भी बहुत ही ऐतिहासिक है। इसको और बेहतर व संरक्षित करने की आवश्यकता है। इस म्यूजियम को डिजिटल म्यूजियम करने के साथ ही इसमें छोटे-छोटे सुधार किए जाएं तो यह म्यूजियम जन आकर्षण का केन्द्र बनेगा। उन्होंने कहा कि इस म्यूजियम में रखीं वस्तुओं का डिस्प्ले और व्यवस्थित किया जाना चाहिए। इसके साथ इसका कम्प्यूटराइजेशन भी किया जाना चाहिए। संस्कृति सचिव श्री राघवेन्द्र सिंह ने मोतीमहल का भी अवलोकन किया। मोतीमहल में पर्यटन विभाग द्वारा स्थापित किए जाने वाले तानसेन संग्रहालय हॉल का भी उन्होंने अवलोकन किया।

नगर निगम आयुक्त श्री विनोद शर्मा ने बताया कि मोतीमहल में ही स्मार्ट सिटी का ऑफिस भी स्थापित करने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने इसके पश्चात महाराज बाड़े पर स्थापित ऐतिहासिक विक्टोरिया मार्केट का भी अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान बताया गया कि भारत सरकार के सहयोग से विक्टोरिया मार्केट में जूलॉजिकल म्यूजियम की स्थापना की जा रही है। इस ऐतिहासिक इमारत को अग्नि दुर्घटना के बाद पुनः ठीक कर व्यवस्था किया गया है।

श्री राघवेन्द्र सिंह ने गोरखी हायर सेकेण्ड्री स्कूल का भी अवलोकन किया। गोरखी हायर सेकेण्ड्री स्कूल, स्काउट एवं गाइड कार्यालय में स्मार्ट सिटी योजना के तहत कार्य कराने के प्रस्ता व की जानकारी दी गई। संस्कृति सचिव श्री राघवेन्द्र सिंह ने महाराज बाड़े पर स्थापित शासकीय प्रिंटिंग प्रेस भवन का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि ग्वालियर के हृदय स्थल महाराज बाड़े पर पुरातत्व महत्व की अनेक इमारतें हैं। इन इमारतों का उपयोग और बेहतर से बेहतर किया जाना चाहिए। ताकि ग्वालियर स्मार्ट सिटी के कार्यों को अमलीजामा पहनाया जा सके। उन्होंने नगर निगम के पुराने भवन का भी अवलोकन किया।

नगर निगम आयुक्त श्री विनोद शर्मा ने बताया कि नगर निगम द्वारा इस भवन में मोतीमहल के म्यूजियम को स्थानांतरित कर स्थापित करने की योजना है। नगर निगम आयुक्त श्री विनोद शर्मा ने भारत सरकार के संस्कृति सचिव श्री राघवेन्द्र सिंह को स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत ग्वालियर में किए जा रहे कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मोतीमहल स्थित म्यूजियम के संबंध में भी विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि म्यूजियम की डीपीआर शीघ्र ही तैयार कर राज्य शासन के माध्यम से केन्द्र सरकार को भेजी जायेगी। ताकि इस म्यूजियम को डिजिटल म्यूजियम के रूप में स्थापित किया जा सके। भ्रमण के दौरान स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री महिप तेजस्वी ने भी स्मार्ट सिटी के संबंध में लिए गए निर्णयों से अवगत कराया।

24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहां क्लिक करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

5 − one =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।