जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश बनी गीता मित्तल - Punjab Kesari
Girl in a jacket

जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश बनी गीता मित्तल

कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस को पदोन्नति देकर झारखंड उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया

न्यायमूर्ति गीता मित्तल को शनिवार को जम्मू कश्मीर हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। इसके साथ ही राज्य के हाई कोर्ट की अध्यक्षता करने वाली वह पहली महिला न्यायाधीश बन गई हैं। न्यायमूर्ति गीता मित्तल अब तक दिल्ली हाई कोर्ट की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश थी।

वही, न्यायमूर्ति सिंधु शर्मा शुक्रवार को जम्मू कश्मीर हाई कोर्ट की पहली महिला न्यायाधीश बनी। कानून मंत्रालय की अलग से जारी एक अधिसूचना के अनुसार पटना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजेन्द्र मेनन को दिल्ली हाई कोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

अन्य नियुक्तियों में राजस्थान हाई कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति कल्पेश सत्येन्द्र झावेरी को पदोन्नति देकर उड़ीसा हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। उन्होंने न्यायमूर्ति विनीत सरन की जगह ली है। विनीत सरन को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस को पदोन्नति देकर झारखंड उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति बोस की दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर नियुक्ति की सिफारिश की थी, जिसे सरकार ने यह कह कर खारिज कर दिया था कि किसी हाई-प्रोफाइल उच्च न्यायालय की अध्यक्षता के लिये न्यायाधीश के पास पर्याप्त अनुभव की कमी है।

बंबई हाई कोर्ट की न्यायाधीश न्यायमूर्ति विजया के. तहीलरमानी को पदोन्नत कर मद्रास उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। वह न्यायमूर्ति इंदिरा बनर्जी की जगह लेंगी जिन्हें पदोन्नति देकर शीर्ष अदालत में नियुक्त किया गया है।

गुजरात हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति एम. के. शाह को पदोन्नति देकर पटना उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश निुयक्त किया गया है क्योंकि पटना उच्च न्यायालय के मौजूदा मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मेनन दिल्ली उच्च न्यायालय की अध्यक्षता करेंगे। केरल उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति ऋषिकेश रॉय को पदोन्नत कर उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।