पुणे से टीके की 56.5 लाख खुराक आज 13 शहरों में पहुंचाएंगी चार विमानन कंपनियां

चार विमानन कंपनियां पुणे से देश के 13 शहरों में कोविड-19 टीकों की 56.5 लाख खुराक ले जाने

चार विमानन कंपनियां पुणे से देश के 13 शहरों में कोविड-19 टीकों की 56.5 लाख खुराक ले जाने के लिए मंगलवार को नौ उड़ानें संचालित करेंगी। नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि टीके ले जाने की प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है।

उन्होंने ट्वीट किया कि ‘‘स्पाइसजेट और गो एयर द्वारा संचालित पहली दो उड़ानों ने पुणे से दिल्ली और चेन्नई के लिए उड़ान’’ भरी। पुरी ने ट्वीट किया, ‘‘आज एअर इंडिया, स्पाइसजेट, गोएयर और इंडिगो नौ उड़ानें संचालित करेंगी, जिनसे पुणे से 56.5 लाख खुराकों को दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, गुवाहाटी, शिलॉन्ग, अहमदाबाद, हैदराबाद, विजयवाड़ा, भुवनेश्वर, पटना, बेंगलुरु, लखनऊ और चंडीगढ़ पहुंचाया जाएगा।’’

टीकों को ले जाने के काम से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि टीकों को एसआईआई से रवाना करने से पहले एक पूजा भी की गई। सूत्र ने बताया कि तापमान नियंत्रित ट्रकों में 478 डिब्बे थे और प्रत्येक डिब्बे का वजन 32 किलोग्राम है। ट्रक ‘सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया’ के मंजरी केन्द्र से निकले और वहां से 15 किलोमीटर दूर स्थित हवाई अड्डे पहुंचे। टीकों को सीरम इंस्टीट्यूट से ले जाने के लिए ‘कूल-एक्स कोल्ड चैन लिमिटेड’ के ट्रकों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
केन्द्र सरकार ने देश में 16 जनवरी से शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान से पहले सोमवार को ‘सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया’ (एसआईआई) और ‘भारत बायोटेक’ को कोविड-19 टीके की छह करोड़ से अधिक खुराक के लिए ऑर्डर दिया था। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बातचीत की थी और कहा था कि कोविड-19 के लिए टीकाकरण पिछले तीन-चार हफ्तों से लगभग 50 देशों में चल रहा है और अब तक केवल ढाई करोड़ लोगों को टीके लगाए गए हैं जबकि भारत का लक्ष्य अगले कुछ महीनों में 30 करोड़ से अधिक लोगों को टीका लगाना है।

कृषि कानून पर 48वें दिन आंदोलन जारी, किसान नेता बोले- कोर्ट की आड़ में मामले को लटकाना चाहती है सरकार 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।