रांची में बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति, NDRF की टीम तैनात Flood-like Situation In Ranchi Due To Rain, NDRF Team Deployed
Girl in a jacket

रांची में बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति, NDRF की टीम तैनात

झारखंड के रांची में लगातार बारिश से स्थिति बिगड़ती जा रही है। कई जगहों पर बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। यहां पर NDRF की टीम तैनात कर दी गई है। रांची में लगातार हो रही बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलजमाव हो गया है। कई मुख्य मार्गों पर जलजमाव के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। स्थिति को बिगड़ते देख एनडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाल लिया है। वहीं मौसम विभाग ने झारखंड के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बता दें कि झारखंड में रांची सहित राज्य के ज्यादातर जिलों में 12 घंटे से जोरदार बारिश हो रही है। रांची शहर के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। दीपाटोली में 50 से भी ज्यादा घरों में पानी घुस गया है और 100 से ज्यादा लोग फंस गए हैं। उनके रेस्क्यू के लिए एनडीआरएफ की टीम लगाई गई है।

  • झारखंड के रांची में लगातार बारिश से स्थिति बिगड़ती जा रही है
  • कई जगहों पर बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है
  • यहां पर NDRF की टीम तैनात कर दी गई है
  • कई मुख्य मार्गों पर जलजमाव के कारण लोगों को परेशानी हो रही है

अब तक 20 से ज्यादा लोगों का किया गया रेस्क्यू



अब तक 20 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है। लोगों को बोट के जरिए सुरक्षित जगहों पर ले जाया जा रहा है। शहर के बरियातू जोड़ा तालाब और टुनकी टोला तालाब का पानी घरों में घुस गया है। मोरहाबादी मैदान, राजभवन-बूटी रोड, हरमू रोड, मेन रोड सहित कई प्रमुख सड़कों पर ढाई से तीन फीट पानी बह रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने रांची, बोकारो, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, गुमला, दुमका, धनबाद, गोड्डा, देवघर, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में तीन अगस्त को भी भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों के उपायुक्तों को सतर्कता बरतने और जलजमाव वाले इलाकों पर नजर रखने का निर्देश दिया है।

वज्रपात की घटनाओं में 25 से ज्यादा लोगों की मौत



पिछले तीन दिनों के दौरान राज्य के अलग-अलग इलाकों में वज्रपात की घटनाओं में 25 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। रामगढ़ जिले की दामोदर और भैरवी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। रजरप्पा स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ छिन्नमस्तिका मंदिर परिसर तक पानी पहुंच रहा है। भैरवी नदी के छिलका पुल के चार फीट ऊपर पानी बह रहा है। इसी बीच हेमंत सोरेन की सरकार ने सभी स्कूलों को बंद करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय से शुक्रवार की रात को एक आदेश जारी किया गया, जिसमें कहा गया कि 3 अगस्त को राज्य के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे। हेमंत सोरेन ने एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा, मौसम विभाग ने कल 3 अगस्त 2024 को राज्य के अधिकांश जिलों में तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी दी है। आपकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।इसलिए मैंने निर्णय लिया है कि कल राज्य भर के सभी सरकारी और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। सभी नागरिकों से अनुरोध है अनावश्यक यात्रा से बचें सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। हम इस चुनौती का सामना एकजुट होकर करेंगे।

देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप  हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

five × one =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।