ED ने कांग्रेस नेता शिवकुमार को पूछताछ के लिए जारी किया समन

शिवकुमार ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘कृपया आप चिंता मत करिए, मैं इसको लेकर चिंतित नहीं हूं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के पूर्व मंत्री डी.के.शिवकुमार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नए सिरे से समन जारी कर शुक्रवार को दिल्ली स्थित अपने कार्यालय में पेश होने को कहा। कर्नाटक हाई कोर्ट ने गुरुवार को शिवकुमार की याचिका खारिज कर दी जिसमें उन्होंने धनशोधन मामले में ईडी के समन को चुनौती दी थी। इसके बाद प्रर्वतन निदेशालय ने यह कदम उठाया। 
शिवकुमार ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘कृपया आप चिंता मत करिए, मैं इसको लेकर चिंतित नहीं हूं। इसको लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। मैंने कोई गलती नहीं की है। मैंने कोई दुष्कर्म नहीं किया या पैसा नहीं लिया, कुछ भी मेरे खिलाफ नहीं है।’’ 
1567146317 shivkumar
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘कल रात रात 9 बज कर 40 मिनट पर ईडी का समन मिला जिसमें मुझे आज एक बजे दिल्ली में पेश होने के लिए कहा गया। ईडी की ओर से अचानक बुलाया जाना दुर्भावनापूर्ण है। मैं कानून के शासन पर भरोसा करता हूं और निश्चित तौर पर जांच में हिस्सा लूंगा तथा सहयोग करूंगा क्योंकि मैं देश के कानून का पालन करने वाला व्यक्ति हूं।’’ 

शिवकुमार ने आरोप लगाया कि कुछ विधायकों को बचाने के लिए वह राजनीतिक मुकदमे का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘होने दीजिए। मैं किसी की भलाई करने के कारण दर्ज मामले का सामना करूंगा। कल हाई कोर्टने मेरे आवेदन को खारिज कर दिया। मैं आप से सभी मामलों पर बात करूंगा। मैं दिल्ली जा रहा हूं।’’ 

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘मैं अपने किसी वकील से नहीं मिल सका। कल रात समन जारी कर मुझे तुरंत (शुक्रवार को दोपहर एक बजे) दिल्ली पेश होने को कहा गया। मुझे अपने वकीलों से मिलना है और कुछ पारिवारिक जिम्मेदारियां पूरी करनी हैं, इसके बाद मैं दिल्ली जाउंगा।’’ 
गौरतलब है कि पिछले साल सितंबर में ईडी ने कर चोरी और हवाला लेन देन के आरोपों के आधार पर शिवकुमार तथा अन्य के खिलाफ धनशोधन का मुकदमा दर्ज किया था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।