बुराड़ी में हुई मौतों का रहस्य गहराया : रिश्तेदार नहीं मान रहे आत्महत्या  - Punjab Kesari
Girl in a jacket

बुराड़ी में हुई मौतों का रहस्य गहराया : रिश्तेदार नहीं मान रहे आत्महत्या 

NULL

नयी दिल्ली : दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक ही परिवार के 11 सदस्यों की मौत का रहस्य गहराने के बीच इस परिवार के दो सदस्यों ने आज जोर देकर कहा कि मृतकों ने खुदकुशी नहीं की बल्कि उनकी हत्या की गई है। पुलिस इस बात की छानबीन कर रही है कि 15 से 77 साल तक की उम्र के 11 सदस्यों ने कल आपसी सहमति से कहीं खुदकुशी तो नहीं की। पुलिस ने इस पहलू पर जांच उस वक्त शुरू की जब कल उसे घर में हाथ से लिखे गए नोट्स मिले , जिसमें इन मौतों के पीछे कोई ‘‘ धार्मिक या आध्यात्मिक पहलू ’’ होने के संकेत थे। हाथ से लिखे गए नोटों में कहा गया है , ‘‘ मानव शरीर अस्थायी है। अपनी आंखें और मुंह बंद करके डर से उबरा जा सकता है। ’’ घर के फर्श पर मृत पाई गईं नारायण देवी (77) की बेटी सुजाता नागपाल ने मीडिया पर आरोप लगाया कि वह चीजों के बारे में अटकलें लगा रहा है और खुदकुशी की कहानी सुना रहा है।

सुजाता ने कहा , ‘‘ मैं हर दूसरे दिन अपनी मां से बात करती थी। हमारे परिवार में सब कुछ अच्छा चल रहा है। हम शिक्षित परिवार के लोग हैं और बाबा जैसी चीजों में यकीन नहीं करते। यह खुदकुशी का मामला नहीं है। मीडिया चीजों के बारे में अटकलें लगा रहा है और परिजनों की खुदकुशी की गलत जानकारी प्रकाशित – प्रसारित कर रहा है। ’’ नारायण देवी की भतीजी गीता ठकराल ने कहा कि उन्हें शक है कि परिवार के बाहर का कोई शख्स इन मौतों में शामिल है। गीता को कल शाम 6:30 बजे इस घटना के बारे में पता चला। उन्होंने कहा कि परिवार मृतकों में शामिल प्रियंका (33) की शादी की तैयारियों में जुटा था और पिछले महीने हुई उसकी सगाई का जश्न मनाया गया था। उन्होंने कहा , ‘‘ वे किसी अन्य सामान्य परिवार की तरह धार्मिक थे। बाबा और तांत्रिक के बहुत सारे किस्से सुनने के बाद हमारा परिवार उन पर शायद ही यकीन करता था। ’’

गीता ने कहा , ‘‘ परिवार का कारोबार अच्छा चल रहा था। परिवार में कोई झगड़ा नहीं था। वे शादी की तैयारियों में व्यस्त थे। वे सब खुश थे। तो वे खुदकुशी क्यों करेंगे ?’’ 11 मृतकों की पहचान नारायण देवी , उनकी बेटी प्रतिभा (57), देवी के दो बेटे भवनेश (50) और ललित भाटिया (45), ललित की पत्नी टीना (42) और उनका 15 साल का बेटा शिवम शामिल हैं। इसके अलावा , प्रतिभा की बेटी प्रियंका भी मृतकों में शामिल है। पुलिस ने बताया कि देवी को छोड़कर बाकी सभी के शव छत में लगी छड़ों से झूलते पाए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।