केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बेंगलुरु में फिजी गणराज्य के रक्षा और वेटरन्स मामलों के मंत्री पियो टिकोदुआ और दक्षिण सूडान के रक्षा और वेटरन्स मामलों के मंत्री लेफ्टिनेंट जनरल चोल थॉन के साथ द्विपक्षीय बैठकें की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फिजी के रक्षा मंत्री का भारत की पहली यात्रा पर स्वागत किया। रक्षा मंत्रालय की एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों पक्षों ने चल रहे रक्षा सहयोग पर संतोष व्यक्त किया और मौजूदा सहयोग को और गहरा और विविधतापूर्ण बनाने पर सहमति व्यक्त की। बता दें कि भारत और फिजी ने 2017 वर्ष में भी हस्ताक्षरित रक्षा सहयोग पर समझौता ज्ञापन में भारत-फिजी संयुक्त कार्य समूह को संस्थागत बनाने पर भी सहमति व्यक्त की।
समझौता ज्ञापन की दिशा में प्रयास
दक्षिण सूडानी रक्षा मंत्री के साथ अपनी बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एयरो इंडिया 2025 में भाग लेने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। दोनों पक्षों ने दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन की दिशा में प्रयास शुरू करने और उसमें तेजी लाने पर सहमति व्यक्त की। दक्षिण सूडानी पक्ष ने दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन में भारत के प्रयासों को स्वीकार किया। दोनों पक्ष बेहतर प्रशिक्षण आदान-प्रदान के लिए साझेदारी करने पर सहमत हुए, और उद्योग भागीदारी के माध्यम से संबंधों का विस्तार करने पर सहमत हुए।
दोनों रक्षा मंत्री के बीच सराहनीय बैठक
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फिजी और सूडानी समकक्षों के साथ अपनी बैठक की साझेदारी सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि बेंगलुरू में फिजी के रक्षा मंत्री पियो टिकोदुआ के साथ सराहनीय बैठक हुई। रक्षा सहयोग को और गहरा करने के तरीकों और साधनों पर चर्चा की। हम रक्षा सहयोग पर भारत-फिजी संयुक्त कार्य समूह (JWG) को संस्थागत बनाने पर सहमत हुए। बता दें कि एशिया की सबसे बड़ी एयरोस्पेस और रक्षा प्रदर्शनी का 15वां संस्करण आज बेंगलुरु के येलहंका एयरफोर्स स्टेशन पर शुरू हो रहा है।