कांग्रेस ने कार्पोरेट घरानों के प्रिय पात्र को मप्र में अध्यक्ष बनाया : अमित शाह  - Punjab Kesari
Girl in a jacket

कांग्रेस ने कार्पोरेट घरानों के प्रिय पात्र को मप्र में अध्यक्ष बनाया : अमित शाह 

NULL

भोपाल : मध्य प्रदेश में कमलनाथ को प्रदेश अध्यक्ष बनाने पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि विपक्षी पार्टी ने कार्पोरेट घरानों के प्रिय व्यक्ति को अपना अध्यक्ष बनाया है जबकि भाजपा गरीब, किसान और आदिवासियों का प्रतिनिधित्व करती है। शाह ने कहा, ‘‘राहुल बाबा दूरबीन से भी देखेंगे तो कांग्रेस नजर नहीं आती है। मध्य प्रदेश भाजपा संगठन का गढ़ है। यह लड़ाई बड़े और कार्पोरेट घरानों के साथ है। कांग्रेस ने कार्पोरेट घरानों के प्रिय पात्र को अपना अध्यक्ष बनाया है।’’ शाह ने कहा कि भाजपा किसान, गरीब, आदिवासी और दलितों का प्रतिनिधित्व करती है जबकि कांग्रेस राजा-महाराजाओं पर निर्भर रहती है। जाहिर है वह परोक्ष रूप से कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया की ओर भी इशारा कर रहे थे। भाजपा अध्यक्ष ने यहां भेल दशहरा मैदान में भाजपा की प्रदेशस्तरीय विस्तारित बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही।

प्रदेश में भाजपा के शासनकाल में हुए विकास और सामाजिक कल्याण के कार्यों की प्रशंसा करते हुए शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में जो काम किया गया है वह देश के अन्य राज्यों के सामने एक मिसाल है। इससे प्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकलकर विकासशील राज्य हो गया है। शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि हमें कांग्रेस को प्रदेश से मूल समेत उखाड़ फेंकना है तथा वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 29 सीटों पर विजय हासिल करनी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद केन्द्र की भाजपा नीत सरकार के विकास कार्यों के आधार पर उसके बाद हुए महाराष्ट्र, हरियाणा, असम, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हाल ही में त्रिपुरा सहित 14 राज्यों में भाजपा ने सरकार बनायी है और अब 15 मई को चुनाव परिणाम के बाद कर्नाटक राज्य में भी भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

उन्होंने गुना और छिंदवाड़ा लोकसभा सीटों जहां से क्रमश: ज्योतिरादित्य सिंधिया और कमलनाथ सांसद हैं, का नाम लिये बिना कहा, ‘‘दो क्षेत्र ऐसे हैं जो भाजपा को मिलने में दिक्कत होती है। इस बार सुनिश्चत करेंगे कि इन दोनों क्षेत्रों में कोई भी सीट भाजपा से छूटे नहीं। हम सौभाग्यशाली हैं कि हमारे पास नरेन्द्र मोदी जैसे नेता हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के नए अध्यक्ष राहुल बाबा ने बड़े विश्वास से बयान दिया कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी तो मैं सोच रहा था कि किस आधार पर बनेगी। शेखचिल्ली के सपने देख रहे कांग्रेस के नेताओं को बताना है कि आपमें दम नहीं है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बना लें।’’

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मध्य प्रदेश भाजपा संगठन का गढ़ है। यहां भाजपा सरकार और संगठन अंगद के पांव की तरह जमे हैं, क्योंकि कांग्रेस को सत्ता भोगने की आदत है जबकि भाजपा को सत्ता मिलते ही सेवक की भावना आती है। वर्ष 2013 में कांग्रेसी सत्ता विरोधी लहर की बात करते थे, अब 2018 में भी करते हैं और 2023 में भी करते रह जायेगें और भाजपा की सरकार बन जायेगी। मध्य प्रदेश भाजपा की प्रदेशस्तरीय इस विस्तारित बैठक में भाजपा के 5000 से अधिक कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, थावरचंद गेहलोत के साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।