कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधान न्यायाधीश के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव का नोटिस खारिज होने को चुनौती देने वाली याचिका को वापस लिये जाने पर चुटकी लेते हुए भाजपा ने आज कहा कि कांग्रेस ‘‘फोरम शापिंग’’ में व्यस्त है और वह इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रही है।
भाजपा प्रवक्ता नलिन कोहली ने यहां कहा, ‘‘ क्या यह ‘फोरम शापिंग’ का मामला नहीं है जिसमें मामले की सुनवाई शुरू होने से पहले ही यह तय करने का प्रयास किया जा रहा हो कि किसी मामले की सुनवाई कैसे की जाए या कहां की जाए।’’
उन्होंने कहा कि विषय के महत्व को देखते हुए भारत के प्रधान न्यायाधीश संविधान पीठ की रूपरेखा तय करते हैं। कोहली ने कहा कि बड़ा सवाल यह है कि क्या कांग्रेस अपनी विफल राजनीति को आगे बढ़ाने के लिये न्यायपालिका को शामिल करेगी और मुद्दों को राजनीतिक रंग देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राजनीति मोर्चे पर राजनीति करनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि इस मुद्दे पर वरिष्ठ वकील और कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने कहा कि प्रशासनिक आदेश की प्रति हासिल करना उनका संवैधानिक अधिकार है और प्रति मिलने के बाद ही वह आगे के कदम के बारे में फैसला करेंगे। सिब्बल ने यह भी कहा कि यह मामला राजनीतिक नहीं है और यह सिर्फ न्यायपालिका की स्वायत्तता और स्वतंत्रता से जुड़ा हुआ है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


















