कैलाशहर (त्रिपुरा) : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज त्रिपुरा के लोगों से अपील की कि वे सुशासन कायम करने के लिए कांग्रेस को वोट दें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा की तरह झूठे वादे नहीं करती। राहुल ने कहा कि न तो माकपा और न ही भाजपा विकास पर ध्यान देती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकमात्र पार्टी है जो अपने चुनावी वादे पूरे कर सकती है और वह 2019 में केंद्र में सरकार बनाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल माकपा की अगुवाई वाले वाम मोर्चा शासित त्रिपुरा में 18 फरवरी को होने जा रहे विधानसभा चुनाव के प्रचार के सिलसिले में आज यहां आए। आज प्रचार का आखिरी दिन था। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस जो वादे करती है, उसे पूरा भी करती है। वह कोई ऐसा वादा ही नहीं करती जिसे वह पूरा नहीं कर सके। यदि हम सत्ता में आएंगे तो हम अपने वादे पर पूरा अमल करेंगे।’’
राहुल ने कहा कि भाजपा ने यहां लोगों को भरोसा दिलाया है कि सत्ता में आने पर वह मनरेगा में मेहनताने के तौर पर 340 रुपए प्रति दिन देगी जबकि असम में वह महज 184 रुपए प्रति दिन दे रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा ने त्रिपुरा के कर्मियों के लिए सातवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने का वादा किया है, असम में भी लोगों से ऐसा ही वादा किया गया था, लेकिन भाजपा ने वहां अब तक इसे लागू नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा चुनावों से पहले हमेशा लंबे-चौड़े वादे करती है, लेकिन कभी अपने आश्वासनों को लागू नहीं करती।’’ राहुल ने राफेल विमानों की खरीद के लिए हुए करार में घोटाले का आरोप लगाते हुए दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड से ठेका लेकर ‘‘अपने एक दोस्त’’ को दे दिया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने उनाकोटी जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हम पूछते हैं कि करार में विमान की कीमत पहले से ज्यादा है या कम, लेकिन प्रधानमंत्री कोई जवाब ही नहीं देते।’’ आगामी विधानसभा चुनाव के नतीजे तीन मार्च को आएंगे। साल 2013 के त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 36.53 फीसदी वोट मिले थे और उसके पास 10 विधायक थे। लेकिन अब पार्टी के सिर्फ दो विधायक हैं, क्योंकि छह विधायक पहले तृणमूल कांग्रेस में गए और बाद में भाजपा में शामिल हो गए। पार्टी का एक अन्य विधायक हाल में भाजपा में चला गया जबकि एक विधायक उप-चुनाव में माकपा से हार गया। सत्तारूढ़ वाम मोर्चा पर निशाना साधते हुए राहुल ने आरोप लगाया कि त्रिपुरा वाम शासनकाल में पिछड़ गया।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।