नई दिल्ली : भाजपा ने आज दावा किया कि भगोड़े उद्योगपति मेहुल चोकसी और नीरव मोदी के कथित अपराधों को नरेंद्र मोदी नीत सरकार ने उजागर किया जो उन्होंने संप्रग सरकार के दौरान किये थे। चोकसी के फरार होने में सरकार की मिलीभगत के कांग्रेस के आरोप पर भाजपा प्रवक्ता अनिल बलूनी ने पलटवार करते हुए कहा कि भगोड़े के वकील ने भी एक बयान में दावा किया है कि उसके (चोकसी) विपक्षी दलों के ‘‘बड़े नेताओं’’ के साथ संबंध थे।
उन्होंने दावा किया, ‘‘कांग्रेस भाजपा के खिलाफ आधारहीन आरोप लगा रही है ताकि वह अपने वरिष्ठ नेताओं के उसके साथ संबंधों को लेकर जिन आरोपों का सामना कर रही है उनसे वह ध्यान बंटा सके। यद्यपि लोग इसको लेकर आश्वस्त हैं कि हमने चोकसी के उन अपराधों को उजागर किया जो उसने संप्रग सरकार के दौरान किये थे।
उन्होंने कहा कि वह समय 2012..2014 का था जब संप्रग सरकार सत्ता में थी और जब चोकसी की सम्पत्ति में एक नाटकीय वृद्धि हुई। उन्होंने दावा किया कि इससे संकेत मिलता है कि उसने तत्कालीन सरकार से कैसे लाभ हासिल किये। बलूनी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी आरोप है कि उन्होंने उसके आलीशान शोरूम का उद्घाटन किया और उनकी पार्टी ने आरोप से कभी इनकार नहीं किया।