रायपुर: अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपने दल के युवाओं को चार्ज करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी कड़ी में युवाओं को चार्ज करने प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा ने 14 दिसंबर को राजधानी में एक बड़ा सम्मेलन करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसे युवा सुशासन महोत्सव का नाम दिया गया है। इसके जरिए 12 हजार युवाओं के साथ मोर्चा अपनी चुनाव पूर्व की ताकत दिखाएगा।
इस सम्मेलन को मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम महाजन संबोधित करेंगीए यह सम्मेलन राजधानी के इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विजय शर्मा ने बताया कि इस सम्मेलन में अधिकांश ग्रामीण और वनांचल के कार्यकर्ता बुलाए जा रहे हैं। मोर्चा नेताओं के मुताबिक करीब 12 हजार युवाओं के भाग लेने की उम्मीद है। सम्मेलन में मुख्यमंत्री रमन सिंह और उनके मंत्री भी शामिल होंगे। सम्मेलन में चुनावों के लिए एक बूथ दस युथ के नारे के साथ 23 हजार बूथों के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही इसके जरिए केंद्र और राज्य सरकार के माध्यम से युवाओं के विकास के लिए बनी योजनाओं के प्रचार की रणनीति बनाई जाएगी।
यह सम्मेलन विजय शर्मा की अगुवाई में होने वाला अब तक का बड़ा आयोजन माना जा रहा है। वही पूनम महाजन राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार रायपुर आ रही है। शर्मा ने बताया कि इसके बाद 12 जनवरी से 20 मार्च तक मोर्चा हर लोकसभा क्षेत्र में बड़े युवा सम्मेलन करेगा।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।