भोपाल : राजधानी भोपाल स्थित भेल दशहरा मैदान में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग सोने के चम्मच लेकर पैदा हुए हैं, जिन्हें ये नहीं पता कि भूख क्या होती है, जिन्होंने गरीबी नहीं देखी वो भाजपा को क्या टक्कर देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में इतनी गुटबाजी है कि पता नहीं चलता कि कौन क्या कह रहा है।
उन्होंने कहा कि कोलारस मुंगावली जाओ तो अबकी बार सिंधिया सरकार और छिंदवाड़ा जाओ तो अबकी बार कमलनाथ सरकार का नारा सुनने को मिलता है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की आंधी भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के विजय रथ को नहीं रोक पाएगी।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि हम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में फिर सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हम शून्य से शिखर तक आए हैं। लाखों कार्यकर्ताओं के परिश्रम और खून पसीने के कारण आज पार्टी इस स्वरूप में खड़ी है। मेरे जैसे सामान्य कार्यकर्ता को इतना बड़ा दायित्व दिया गया है।
पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में लगातार पार्टी आगे बढ़ रही है। चुनाव में होगी कौरव पांडव की लड़ाई: पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर ने मीडिया से चर्चा में कहा कि आज होने वाली बैठक युद्ध की तैयारी है। उन्होंने कहा कि जनता नाराज नहीं हो सकती। वह जानती है कि देश के कई राज्यों में भाजपा की सरकार है।
इसलिए यहां फिर भाजपा ही चुनाव जीतेगी और सरकार बनायेगी। इस बीच उन्होंने चुनावी लड़ाई को कौरव-पांडव युद्ध की संज्ञा भी दे डाली। सिवनी के निर्दलीय विधायक ने ली भाजपा की शपथ: कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय विधायक बने दिनेश राय मुनमुन ने कल बीजेपी का दामन थामने के बाद आज मीडिया से चर्चा में कहा कि मैं क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा में शामिल हुआ हूं। अगले चुनाव में टिकट का फैसला पार्टी को करना है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ और विवेक तन्खा मेरे पारिवारिक सदस्य हैं और उनका आदर करता हूं।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।