मुंगावली में भाजपा की स्थिति बेहतर होने का दावा - Punjab Kesari
Girl in a jacket

मुंगावली में भाजपा की स्थिति बेहतर होने का दावा

NULL

अशोकनगर : मध्यप्रदेश के गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह ने मुंगावली विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्थिति बेहतर होने का दावा करते हुए आज कहा कि इस उपचुनाव में क्षेत्र के मतदाता पार्टी प्रत्याशी को अपना भरपूर समर्थन देंगे। विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के प्रचार के लिए पिछले दो माह से अधिक समय से इस क्षेत्र में सक्रिय श्री सिंह ने मुंगावली में पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा कि इस क्षेत्र में जनता का कांग्रेस से मोहभंग हो गया है।

उसके कार्यकर्ता भाजपा से जुड़ गए हैं। यही वजह है कि कांर्ग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्थानीय प्रतिनिधि मनोज जैन भी पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस के कार्यक्रमों में नहीं दिख रहे हैं। भाजपा नेता श्री सिंह ने जानना चाहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बताएं कि आखिर श्री जैन उनके कार्यक्रमों में अब क्यों नहीं दिख रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के अनेक नेता पांच दिन पहले श्री जैन के निवास पर पहुंचे थे। इसके बाद से श्री जैन कांग्रेस के कार्यक्रमों में नहीं जा रहे हैं। श्री सिंह ने दावा किया कि आम लोग राज्य और केंद्र की भाजपा सरकार के कामकाज से प्रसन्न हैं।

इस आधार पर वह कह सकते हैं कि मुंगावली ही नहीं, शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा उपचुनाव में भी भाजपा को विजय हासिल होगी। अशोकनगर जिले के मुंगावली और शिवपुरी जिले के कोलारस में उपचुनावों के लिए कल शाम चुनाव प्रचार थम जाएगा। प्रचार समाप्त होने के पहले अंतिम दो दिनों में इन दोनों ही स्थानों पर भाजपा और कांग्रेस के नेता चुनाव प्रचार के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने प्रभाव वाली इन दोनों सीटों पर पार्टी का कब्जा बरकरार रखना चाहते हैं तो भाजपा इन दोनों ही सीटों को कांग्रेस से छीनना चाहती है। इन दोनों सीटों के लिए मतदान 24 फरवरी को होगा और 28 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

मुंगावली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह कालूखेड़ा के निधन के कारण उपचुनाव हो रहा है। यहां पर कांग्रेस ने बृजेंद्र सिंह यादव और भाजपा ने श्रीमती बाईसाहब यादव पर दाव खेला है। कोलारस में वरिष्ठ नेता राम सिंह यादव के निधन के कारण उपचुनाव हो रहे हैं। कांग्रेस ने महेंद्र सिंह यादव और भाजपा ने पूर्व विधायक देवेंद्र जैन को चुनाव मैदान में उतारा है।

अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

4 × two =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।