झारखंड में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर भाजपा हमलावर, सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग - Punjab Kesari
Girl in a jacket

झारखंड में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर भाजपा हमलावर, सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने हाल ही में झारखंड में कानून-व्यवस्था की…

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने हाल ही में झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने विशेष रूप से हजारीबाग और रांची में हुई आपराधिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार से विदेश में बैठकर झारखंड में अपराधों को अंजाम देने वाले अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

आपराधिक घटनाओं में हुई लगातार बढ़ोतरी

शाहदेव ने कहा है कि हाल के दिनों में झारखंड के छह-सात जिले, जहां कोयला का प्रोडक्शन और ट्रांसपोर्टेशन होता है, वहां आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है। लेवी और एक्सटॉर्शन के लिए विदेश में बैठे अपराधी झारखंड में अपने गुर्गों से घटनाओं को अंजाम देकर दहशत पैदा करते हैं।

कोयला साइडिंग पर लगातार गोलीबारी की घटनाएं आ रही हैं सामने

हजारीबाग में दो वर्ष पहले भी कोयले से जुड़ी एक कंपनी के जीएम की हत्या कर दी गई थी। अब एनटीपीसी के डीजीएम की हत्या की गई है। रांची के भीड़भाड़ वाले इलाके में कोयला व्यापारी पर हमला होता है। अन्य जिलों में भी कोयला साइडिंग पर लगातार गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं।

घटना को अंजाम देने के बाद फेसबुक पर लिखकर घटना की लेते हैं जिम्मेदारी

भाजपा नेता ने कहा आज के दिन में संगठित अपराध पुलिस के लिए झारखंड में नक्सलवाद की तरह बड़ी समस्या बन गई है। आलम ये है कि कई जिलों में कोयला कंपनी से जुड़े अधिकारी बुलेट प्रूफ वाहनों से सफर करते हैं। अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वह घटना को अंजाम देने के बाद फेसबुक पर लिखकर घटना की जिम्मेदारी लेते हैं और भविष्य के लिए चेतावनी भी देते हैं।

झारखंड की स्थिति भयावह

भाजपा नेता प्रतुल ने कहा कि अगर राज्य सरकार सुनियोजित प्लान के तहत संगठित गिरोह का खात्मा नहीं करेगी तो झारखंड की स्थिति भयावह हो जाएगी। उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस की वेबसाइट के अनुसार, सरकार के पहले महीने में ही 5,207 संज्ञेय अपराध हुए, जो चिंता का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

six + 14 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।