कर्नाटक में जारी सियासी नाटक के बीच कांग्रेस का एक और विधायक बृहस्पतिवार को मुंबई पहुंचा, जिसे सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि भाजपा कर्नाटक की कांग्रेस-जद(एस) सरकार को गिराने के प्रयास के तहत विधायक श्रीमंत पाटिल को यहां लाई है। खड़गे ने आरोप लगाया कि पुलिस किसी को भी पाटिल से नहीं मिलने दे रही।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस-जद(एस) के 15 बागी विधायक पहले ही शहर के एक होटल में ठहरे हुए हैं।
सूत्रों ने कहा, ‘विधायक (पाटिल) बृहस्पतिवार को यहां आए। पहले उन्हें यहां निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन बाद में सेंट जॉर्ज (सरकार द्वारा संचालित) अस्पताल में ले जाया गया। कर्नाटक के निवासी खड़गे ने यह बात यहां पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान कही।
उन्होंने कहा, ‘विधायक दिल में दर्द की शिकायत लेकर यहां आया है। कर्नाटक में कई हृदयरोग विशेषज्ञ हैं, जहां मुफ्त इलाज संभव है। कर्नाटक में एक ऐसा अस्पताल है जो एम्स (दिल्ली) के बाद सबसे अच्छा है, लेकिन वह (पाटिल) कर्नाटक के उस अस्पताल को छोड़ यहां मुंबई के अस्पताल में आए हैं।’
इस बीच, बेलगाम जिले में कागवाड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्रीमंत पाटिल ने कहा कि स्वस्थ्य होने के बाद कर्नाटक वापस लौट जाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘स्वस्थ होते ही मैं बेंगलुरू वापस लौट जाउंगा।’ पाटिल ने कहा, ‘मैं किसी निजी काम से चेन्नई गया था, जहां मुझे सीने में दर्द महसूस हुआ, तो मैं एक अस्पताल गया और चिकित्सा सलाह पर मुंबई आकर अस्पताल में भर्ती हो गया।