राहुल के ‌विमान में तकनीकी गडबडी के चलते आपात लैं‌डिंग, कांग्रेस ने की जांच की मांग

NULL

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को उस वक्त एक भयावक स्थिति में फंस गए जब उनके चार्टर्ड प्लेन में एक साथ कई तकनीकी गड़बड़ियां सामने आ गई। घटना उस समय हुई जब राहुल गांधी अपने कुछ सहयोगियों के साथ दिल्ली से कर्नाटक के रास्ते में थे। हालांकि बाद में समय रहते उनके प्लेन को हुबली में सुरक्षित उतार लिया गया है। इस घटना के पीछे कांग्रेस पार्टी को किसी की साजिश का शक है। यही वजह है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के प्लेन में आई तकनीकी गड़बड़ी की खबर के बाद नागरिक विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इस पूरे मामले की जांच की बात कही है. वहीं इस पूरे मामले को लेकर पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। उधर पुलिस ने कहा कि उसने एक शिकायत दर्ज कर ली है। राहुल उत्तर कन्नड़, दक्षिण कन्नड़, कोगादू और मैसुरू जिलों में पार्टी के उम्मीदवारों का प्रचार के लिए दो दिन की यात्रा पर कर्नाटक गए हैं।

राहुल गांधी के करीबी सहयोगी कौशल विद्यार्थी ने राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि एन. राजू को लिखे एक पत्र में कहा कि राहुल जिस विमान में सवार थे, वह एकाएक बायीं तरफ झुक गया और विमान तेजी से नीचे चला गया तथा उसमें काफी कंपन हुआ। यह घटना सुबह दस बजकर, 45 मिनट पर हुई। पत्र में यात्रियों के हवाले से लिखा गया है कि मौसम सामान्य था और तेज हवा भी नहीं चल रही थी। विमान के संदिग्ध एवं ठीक से काम नहीं करने से साफ है कि उसमें कंपन होना और उसका नीचे चले जाना स्वभाविक या मौसम संबंधित नहीं था, बल्कि ऐसा किसी तकनीकी गड़बड़ी के कारण हुआ।

पत्र के अनुसार, विमान के साथ जानबूझकर की गई छेड़छाड़ से जुड़े गंभीर सवालों को दरकिनार नहीं किया जा सकता और उनपर ध्यान देने तथा उसकी जांच करने का अनुरोध किया जाता है। विमान तीसरी कोशिश के बाद दिन में करीब 11 बजकर, 25 मिनट पर हुबी हवाईअड्डे पर उतरा। विमान का चालक दल भी डरा हुआ था और उसने माना कि स्थिति भयावह एवं असामान्य थी।

पुलिस ने दर्ज की शिकायत
हुबली-धारवाड़ की पुलिस उपायुक्त रेणुका सुकुमार ने कहा कि उन्हें विमान में अस्पष्ट गड़बड़ी की शिकायत मिली है। इस बारे में आईपीसी की धारा 287 (मशीनरी के संबंध में लापरवाही) और 336 (दूसरों के जीवन या व्यक्ति की सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कृत्य) के तहत शिकायत दर्ज कर ली है। रेणुका ने बताया कि कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति (केपीसीसी) के महासचिव शकीर सनादी द्वारा दर्ज करायी गयी शिकायत में विमान के दो पायलटों के नाम शामिल हैं।

डीजीसीए ने शुरू की जांच
डीजीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ऑपरेटर ने डीजीसीए को घटना की जानकारी दी। ऑपरेटर की रिपोर्ट के अनुसार ऑटो पायलट (मोड) में कोई गड़बड़ी थी और पायलट ने उसे मैनुअल (मोड) में डाला एवं विमान को सुरक्षित उतारा। उन्होंने बताया कि ऑटो पायलट (मोड) बंद करना असामान्य नहीं है। किसी भी अतिविशिष्ट व्यक्ति की उड़ान के लिए डीजीसीए विस्तार से इसकी जांच करता है। हम यहां भी ऐसा ही करेंगे।

कांग्रेस ने की जांच की मांग
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि राहुल गांधी के विमान में गम्भीर समस्या आई। कुछ मिनटों के लिए यह विमान रडार से गायब हो गया। उन्होंने कहा कि इसमें किसी गड़बड़ी की आशंका को झुठलाया नहीं जा सकता। हमने शिकायत की है जिसमें पूरी घटना का विवरण दिया गया है। हम आशा करते हैं कि कर्नाटक के डीजीपी और डीजीसीए इसकी गहन जांच कराएंगे, ताकि किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सके। जांच में यह देखना होगा कि कहीं इसमें मानवीय हस्तक्षेप तो नहीं है, या कहीं यह किसी व्यक्ति द्वारा तो नहीं किया गया है।

 

24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।