नीतीश को मनाएंगे अमित शाह - Punjab Kesari
Girl in a jacket

नीतीश को मनाएंगे अमित शाह

बिहार में और सशक्त बनाने के उद्देश्य से भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न संगठनों और प्रकोष्ठों के

पटना : भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कुमार ने यहां बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बिहार के एक दिवसीय दौरे पर 12 जुलाई को पटना आयेंगे। ऐसी संभावना जतायी जा रही है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह राजग के बिहार में प्रमुख घटक जनता दल यूनाइटेड(जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मिलेंगे। राजग के घटक दलों में सीटों के बंटवारे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

जदयू के राजग में आने के बाद लोकसभा सीटों के बंटवारे को नये सीरे से अंतिम रूप देना भी भाजपा के लिये एक कठिन टास्क है। वर्ष 2014 के चुनाव में भाजपा ने 30 जबकि लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने सात और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) ने तीन सीटों पर चुनाव लड़ा था। राजग में अब जदयू भी है और इस बदली हुई राजनीतिक परिस्थिति में सीटों का बंटवारा बेहद अहम माना जा रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री श्री कुमार से उनकी मुलाकात में सीट बंटवारे को लेकर बातचीत हो सकती है।

इस दौरान पार्टी की ओर से चलाये जा रहे‘समर्थन के लिये सम्पर्क’कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही पार्टी के नेताओं से विचार विमर्श करेंगे। श्री शाह पार्टी को बिहार में और सशक्त बनाने के उद्देश्य से भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न संगठनों और प्रकोष्ठों के नेताओं के साथ भी विचार-विमर्श करेंगे। इसके बाद वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) के घटक दलों के नेताओं से भी मिलेंगे। बैठक के अलावा वह कार्यकर्ताओं से भी भेंट करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष एवं बिहार के उजियारपुर से पार्टी के सांसद नित्यानंद राय और संगठन महामंत्री नागेन्द्रजी के अलावा भाजपा कोर कमेटी के साथ भी उनकी बैठक होगी। पार्टी पदाधिकारियों को सौंपे गये कार्यों का भी वह लेखा-जोखा लेंगे। ऐसा माना जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सरकार एवं संगठन का फीडबैक भी लेंगे। श्री शाह के बिहार दौरे को वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। पार्टी इस समय मिशन 2019 में लगी हुई है और ऐसे समय में राष्ट्रीय अध्यक्ष के बिहार दौरे को राजनीतिक जानकार काफी महत्वपूर्ण मान रहे हैं।

अधिक जानकारियों के लिए यहां क्लिक करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।