झूठ बोलना और उसे बार-बार कहना कांग्रेस पार्टी का स्वभाव बन गया है : शाह - Punjab Kesari
Girl in a jacket

झूठ बोलना और उसे बार-बार कहना कांग्रेस पार्टी का स्वभाव बन गया है : शाह

भाजपा प्रमुख अमित शाह ने कहा कि आजम खान, सपा और उत्तर प्रदेश में उसकी सहयोगी बसपा को

भाजपा प्रमुख अमित शाह ने राफेल लड़ाकू विमान सौदे पर उच्चतम न्यायालय के फैसले को लेकर सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठ बोलती है और उसे दोहराती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को राफेल सौदे पर अपने बयान के लिए शीर्ष अदालत से नोटिस मिला है।

उन्होंने जूनागढ़ लोकसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार के लिए गिर सोमनाथ के कोदिनार में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ”उच्चतम न्यायालय ने प्रारंभिक तकनीकी आपत्ति पर (राफेल) मामले की सुनवाई की। उच्चतम न्यायालय ने अपना आदेश पारित किया और राहुल बाबा कहने लगे कि शीर्ष अदालत ने राफेल मुद्दे पर सरकार को फटकार लगाई थी। हकीकत में ऐसा कुछ नहीं हुआ था।”

Rafael deal

राफेल सौदे पर राहुल के झूठ का सुप्रीम कोर्ट ने पर्दाफाश किया : भाजपा

शाह ने कहा, ”अदालत ने केवल एक प्रारंभिक आपत्ति हटाने का काम किया था। मामला अभी भी चल रहा है और पहले भी सुना गया है। लेकिन उन्होंने (गांधी) बार-बार बोलना शुरू कर दिया। भाजपा के एक सांसद ने अवमानना नोटिस दिया और आज, उच्चतम न्यायालय ने नोटिस जारी किया है और राहुल गांधी को यह बताने के लिए कहा है कि उन्होंने क्या कहा था।” भाजपा प्रमुख ने आरोप लगाया, ”झूठ बोलना और उसे जोर से बोलना तथा उसे बार-बार कहना कांग्रेस पार्टी का स्वभाव बन गया है।”

आजम खान पर भी साधा निशाना 

Azam Khan

उन्होंने रामपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार जयाप्रदा के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने के लिए समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान पर भी निशाना साधा। शाह ने कहा कि आजम, सपा और उत्तर प्रदेश में उसकी सहयोगी बसपा को इस ‘‘घिनौने’’ बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के खिलाफ मुहिम चलाने के लिए विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। भाजपा नेता ने दावा किया, ‘‘कांग्रेस हार से डर गई है। पहले वे हार का कारण ईवीएम पर डालते थे। अब पहले चरण का चुनाव हो चुका है। उनका कहना है कि भाजपा ईवीएम के कारण जीतेगी जिससे पता चलता है कि कांग्रेस पार्टी ने हार स्वीकार कर ली है।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।