भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गांधीनगर में शुरू किया रोड शो - Punjab Kesari
Girl in a jacket

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गांधीनगर में शुरू किया रोड शो

अमित शाह ने पार्टी के 39वें स्थापना दिवस पर शनिवार को गांधीनगर में एक रोड शो शुरू किया।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी के 39वें स्थापना दिवस पर शनिवार को गांधीनगर में एक रोड शो शुरू किया। शाह गांधीनगर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। अहमदाबाद के सरखेज इलाके से शुरू हुए रोड शो से पहले शाह ने जनसंघ के संस्थापक दीन दयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीरों पर माल्यार्पण किया।

शाह ने वहां मौजूद लोगों से ”जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वो कश्मीर हमारा है, सारा का सारा हमारा है” के नारे लगाने के लिए कहा। पीडीपी प्रमुख और जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने हाल ही में शाह की आलोचना की थी कि वह कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 को हटाने का ”दिवास्वप्न” देख रहे हैं।

amit shah

शाह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जीतू वघानी के साथ एक खुले वाहन में रोडशो शुरू किया। रोडशो अहमदाबाद शहर के पश्चिमी हिस्सों के कई इलाकों से होकर गुजरेगा। अहमदाबाद शहर गांधीनगर लोकसभा सीट के तहत आता है। यह रोडशो वेजलपुर, प्रहलादनगर, जीवराज पार्क, मानसी क्रॉस रोड से होकर गुजरेगा और वस्त्रपुर में हवेली पर खत्म होगा।

गांधीनगर संसदीय क्षेत्र के लिए अमित शाह ने दाखिल किया नामांकन

बता दें कि शाम को शाह एक अन्य रोड शो करेंगे जो साबरमती इलाके से होकर गुजरेगा। शाह के शनिवार रात को उनके निर्वाचन क्षेत्र के बोपल इलाके में पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मिलने की उम्मीद है। उन्हें गांधीनगर सीट से भाजपा के बुजुर्ग नेता एल के आडवाणी के स्थान पर उतारा गया है।

आडवाणी साल 1998 से इस सीट पर जीतते रहे हैं। यह शाह का पहला लोकसभा चुनाव है। भाजपा अध्यक्ष ने वित्त मंत्री अरुण जेटली, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की मौजूदगी में गत शनिवार को अपना नामांकन दाखिल किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

4 × 4 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।