अखिलेश यादव बोले- भाजपा की वैक्सीन पर नहीं है भरोसा, नहीं लगवाउंगा कोरोना टीका - Punjab Kesari
Girl in a jacket

अखिलेश यादव बोले- भाजपा की वैक्सीन पर नहीं है भरोसा, नहीं लगवाउंगा कोरोना टीका

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी का कोरोना टीका

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी का कोरोना टीका नहीं लगवायेंगे और उनकी सरकार आने पर सभी को नि:शुल्क टीका लगेगा। उनके इस बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे देश के वैज्ञानिकों और डॉक्टरों का अपमान बताया है।
यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘मैं तो नहीं लगवाऊंगा अभी टीका, मैंने अपनी बात कह दी। वह भी भाजपा लगायेगी, उसका भरोसा करूं मैं। अरे जाओ भई, अपनी सरकार आयेगी तो सबको फ्री वैक्सीन लगेगी। हम बीजेपी का वैक्सीन नहीं लगवा सकते।’’
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की वैक्सीन पर उनको भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि ये टीका तो भाजपा वालों का है। मैं इस पर कैसे विश्वास कर सकता हूं, 2022 में जब हमारी सरकार आएगी तो सबको फ्री कोरोना वैक्सीन मिलेगी। उन्होंने कहा कि हम भाजपा की वैक्सीन नहीं लगवाएंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि देश मे कोरोनावायरस का संक्रमण कहीं पर भी नहीं है। भाजपा ने तो सिर्फ विपक्ष को डराने के लिए इसका भय फैलाया है। 
उन्होंने कहा कि मैं तो बिना मास्क के सबके साथ बैठा हूं। उन्होंने मीडिया से कहा कि आप सब लोग ही बता दो कोरोना कहां है। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा का फैलाया गया कोरोना वायरस का संक्रमण तो केवल विपक्ष के लिए है, जिससे कि कोरोना वायरस के नाम पर विपक्ष प्रदेश तथा देश में कोई कार्यक्रम न कर सके। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान तो भाजपा इसे थाली बजाकर दूर कर रही थी। फिर अब ड्राई रन की क्या जरूरत है।
उन्होंने शनिवार को अयोध्या से आए सभी धर्म गुरुओं के लोगों से मिलकर उनका आशीर्वाद लिया। सभी लोगों से मिलकर उनको आशीर्वाद दिया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार बनने पर अयोध्या में धार्मिक स्थलों व आम लोगों से नगर निगम द्वारा वसूला जाने वाला टैक्स माफ कर दिया जाएगा। राम की नगरी कर मुक्त होगी। अयोध्या से आए कई संतों ने अखिलेश के 2022 में मुख्यमंत्री बनने की भविष्यवाणी की। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में खूब विकास हुआ है। अखिलेश के नेतृत्व में प्रदेश एक बार फिर विकास के रास्ते पर चलेगा।
जौनपुर के मुंगरा बादशाहपुर सीट से बहुजन समाज पार्टी की निलंबित विधायक सुषमा पटेल के पति रंजीत पटेल शनिवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। रंजीत पटेल प्रतापगढ़ के सदर विधानसभा क्षेत्र से बसपा के टिकट पर 2017 का चुनाव लड़े थे। सुषमा पटेल के ससुर दूधनाथ पटेल के अलावा उनकी सास सावित्री पटेल जौनपुर के उनको पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाई।
इस पर पलटवार करते हुये प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और भाजपा नेता केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव को टीका पर भरोसा नहीं है और यह देश के डॉक्टरों और वैज्ञानिकों का अपमान है। उन्होंने कहा, ‘‘अखिलेश यादव जी को टीका पर भरोसा नहीं है और उत्तर प्रदेश वासियों को उनपर (अखिलेश यादव) पर भरोसा नहीं है। उनका टीके पर सवाल उठाना, हमारे देश के चिकित्सकों एवं वैज्ञानिकों का अपमान है जिसके लिए उन्हें माफ़ी माननी चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि जो मुख्यमंत्री के पद पर रहा हो उसे इस प्रकार का बयान देने से पहले गंभीरता से विचार करना चाहिए।

गाजीपुर बॉर्डर पर किसान की मौत पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शोक व्यक्त किया 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।