उत्तराखंड के पौड़ी में भीषण बस हादसा हुआ है। यहां सेंट्रल स्कूल जाने वाले मार्ग पर रविवार को एक बस गहरी खाई में गिर गई। घटना में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद राहत एवं बचाव दल दुर्घटनास्थल पर पहुंचा। घटना की जानकारी मिलने के बाद आनन-फानन में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पौड़ी में भर्ती कराया गया है। जहां घायलों का इलाज चल रहा है।
100 गहरी खाई में गिरी बस
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 मीटर नीचे गिर गई। बस पौड़ी शहर से सेंट्रल स्कूल जाने वाले मार्ग पर सत्याखाल के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। गिरने के बाद वह एक पेड़ से टकराकर रुक गई हालांकि उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के वक्त बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। हादसे के दौरान लोगों की बीच चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हुई है वहीं, घायलों में कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
फिसलन और तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच के अनुसार, सड़क पर फिसलन और वाहन की तेज रफ्तार को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि 15 से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मौके पर एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस प्रशासन बल और स्थानीय लोग बचाव एवं राहत कार्य में मदद कर रहे हैं। हादसे में बस के परखच्चे उड़ गए है। प्रशासन द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। वहीं, प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को इसकी जानकारी दी जा रही है।