राकांपा ने कर्नाटक सरकार गिराने में फड़णवीस पर ‘भूमिका’ निभाने का आरोप लगाया - Punjab Kesari
Girl in a jacket

राकांपा ने कर्नाटक सरकार गिराने में फड़णवीस पर ‘भूमिका’ निभाने का आरोप लगाया

प्रमुख प्रवक्ता नवाब मलिक ने आरोप लगाया, ‘‘ भाजपा कर्नाटक सरकार को गिराने के लिए अपनी सारी ताकत

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस पर कर्नाटक में कांग्रेस-जद(एस) सरकार गिराने की भाजपा की ‘साज़िश’ में मदद करने का बुधवार को आरोप लगाया। राकांपा ने कर्नाटक के मंत्री और कांग्रेस नेता डी के शिवकुमार को यहां पवई के रेनेसांस होटल में पुलिस द्वारा प्रवेश की इजाज़त नहीं देने को लेकर फड़णवीस पर सत्ता के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया। इस होटल में कांग्रेस और जद(एस) के बागी विधायक रूके हुए हैं। 
राकांपा के प्रमुख प्रवक्ता नवाब मलिक ने आरोप लगाया, ‘‘ भाजपा कर्नाटक सरकार को गिराने के लिए अपनी सारी ताकत का इस्तेमाल कर रही है। कहीं-न-कहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस भी कर्नाटक सरकार को गिराने के लिए भूमिका निभा रहे हैं।’’ 
उन्होंने कहा, ‘‘ मुख्यमंत्री, राज्य प्रशासन साज़िश में कहीं-न-कहीं भाजपा की मदद कर रहे हैं।’’ राकांपा नेता ने कर्नाटक के मंत्री को होटल में प्रवेश से रोकने को ‘‘उनके अधिकारों का हनन’ बताया। 
मलिक ने कहा, ‘‘ कोई भी व्यक्ति कमरा बुक करा सकता है और होटल में जा सकता है। वह अपनी पार्टी के विधायकों से मिलना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें विधायकों से मिलने की इजाज़त नहीं दी। यह सत्ता स्पष्ट दुरुपयोग है।’’ जब शिवकुमार को होटल में प्रवेश नहीं करने दिया तो होटल के बाहर काफी नाटक हुआ। 
शिवकुमार ने पत्रकारों से कहा कि उन्होने होटल में कमरा बुक कराया था लेकिन उन्हें अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। उनके साथ जद(एस) के वरिष्ठ विधायक भी थे। होटल में रखे गए 12 में से 10 विधायकों ने मंगलवार की आधी रात को मुंबई पुलिस को पत्र लिखकर अपनी जान को खतरा बताया था और शिवकुमार को होटल में प्रवेश करने से रोकने की मांग की थी। 
भाषा नोमान उमा 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।