भाजपा ने कुमारस्वामी के इस्तीफे की मांग की - Punjab Kesari
Girl in a jacket

भाजपा ने कुमारस्वामी के इस्तीफे की मांग की

भाजपा ने सोमवार को मांग की कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी तत्काल पद छोड़ें क्योंकि 13

भाजपा ने सोमवार को मांग की कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी तत्काल पद छोड़ें क्योंकि 13 विधायकों के इस्तीफा देने और दो निर्दलीय विधायकों के समर्थन वापस लेने के बाद उनकी सरकार ‘अल्पमत’ में आ गई है। भाजपा ने कहा, ‘‘यह सरकार बहुमत खो चुकी है और उसे अब सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। मुख्यमंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। 
भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष बी एस येदियुरप्पा ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘हम राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में मंगलवार को प्रदर्शन करेंगे।’’ पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं पद्मनाभनगर से भाजपा विधायक आर अशोक ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘यदि उनमें गरिमा, सम्मान और आत्मसम्मान है या वे कर्नाटक की संस्कृति और परंपराओं से अवगत हैं तो उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए…कुर्सी से चिपके रहने का प्रयास नहीं करिये। आपके पास संख्याबल नहीं है।’’ अशोक ने कहा कि वह उम्मीद कर रहे थे कि रविवार रात में अमेरिका की यात्रा से लौटे मुख्यमंत्री कई इस्तीफों के बाद सीधे राजभवन जाएंगे और अपना इस्तीफा सौंप देंगे। 
उन्होंने कहा कि यद्यपि ऐसा नहीं हुआ और केवल उनके मंत्री ने इस्तीफा दिया। भाजपा नेता ने कहा कि कुमारस्वामी ने न केवल जनता बल्कि विधायकों और मंत्रियों का भी विश्वास खो दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए कुमारस्वामी को अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।’’ इसी तरह के विचार पूर्व मंत्री एवं महादेवपुर से भाजपा विधायक अरविंद लिंबावली ने भी व्यक्त किये। उन्होंने मांग की कि राज्यपाल वजुभाई वाला तत्काल हस्तक्षेप करें और इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए सरकार भंग कर दें कि उसने बहुमत खो दिया है। 
भाजपा विधान पार्षद रविकुमार ने कहा कि विधानसभाध्यक्ष 13 विधायकों के इस्तीफे लंबे समय तक रोककर नहीं रख सकते क्योंकि असंतुष्ट विधायकों ने स्पष्ट किया है कि वे मुम्बई से नहीं लौटेंगे, जहां वे रुके हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘13 विधायकों के इस्तीफे और निर्दलीय विधायकों नागेश और शंकर के समर्थन वापस लेने के बाद सरकार अल्पमत में आ गई है।’’ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।