जानें इस वर्ष किस दिन मनाई जाएगी मकर संक्रांति - Punjab Kesari
Girl in a jacket

जानें इस वर्ष किस दिन मनाई जाएगी मकर संक्रांति

मकर संक्रांति 2025: जानिए किस दिन मनाया जाएगा यह पावन पर्व

वर्तमान में भारतीय त्योहारों के दिनों के आगे पीछे होने के बारे में बहुत सी भ्रांतियां जनमानस में व्याप्त है। हालांकि इसमें कोई सच्चाई नहीं है। जिस तरह से पहले त्योहार तिथियों के आधार पर मनाए जाते थे अब भी उसी प्रकार से ज्योतिषीय गणित के आधार पर तिथियों का निर्धारण किया जाता है और उन्हीं के आधार पर त्योहार मनाए जाते हैं। लेकिन वर्तमान में सोशल मीडिया के कारण कुछ लोग अपने स्वार्थ के लिए भ्रांतियों को फैलाते हैं।

इनसे बचने की कोशिश करनी चाहिए। दरअसल विक्रम संवत की पद्धति में तिथियों की शुरुआत और समाप्ति का कोई निश्चित समय नहीं होता है। यह सब चन्द्रमा से सूर्य की दूरी से निर्धारित होता है। चूंकि चन्द्रमा की गति निश्चित नहीं है इसलिए तिथियां भी अनिश्चित होती है। लेकिन आमतौर पर उसी तिथि को मान्यता मिलती है जो कि सूर्योदय के समय उपलब्ध हो। इसलिए भ्रांतियों से बच कर एक निश्चित धारणा और सिद्धांत के आधार पर त्योहारों का निर्णय किया जाए तो कोई कारण नहीं है कि लोगों में अफवाह फैले।

जानें मकर संक्रांति का महत्व

यदि आप ज्योतिषीय संदर्भ में बात करें तो मकर संक्रांति का महत्व इसलिए है कि सूर्य जो कि ग्रहों का राजा है वह अपने गुरु के घर से बाहर जाते हैं। माना जाता है कि कोई भी ग्रह या व्यक्ति जब अपने गुरु के सामने या घर में होता है तो वह निष्प्रभावी हो जाता है। वह कितना भी शक्तिशाली या सिद्धियों से संपन्न क्यों न हो गुरु के सामने उसकी सारी शक्तियां बेमानी होती है। चूंकि बृहस्पति देवताओं और ग्रहों के गुरु हैं इसलिए वे सूर्य भगवान के भी गुरु हो जाते हैं। इसलिए जब-जब सूर्य देव गुरु के घर धनु और मीन राशि में जाते हैं तो वे बलहीन हो जाते हैं। जब सूर्य धनु या मीन राशि में हो तो सूर्य के बलहीन होने से सनातन धर्म में सभी शुभ और मांगलिक कार्यों को आरम्भ करना वर्जित कहा गया है। जब सूर्य धनु राशि में हो तो उसे मल मास कहा जाता है और जब सूर्य मीन में हो तो उसे खल मास कहा जाता है। हालांकि दोनों ही राशियों के स्वामी बृहस्पति हैं लेकिन धनु राशि बृहस्पति की मूल त्रिकोण राशि होने से धनु राशि में सूर्य को अधिक कमजोर समझा गया है। इसलिए इस मास का धर्म और शास्त्रों में विशेष महत्व है।

एक वर्ष में 12 संक्रान्ति में होती हैं। जिसमें मकर संक्रांति का विशेष महत्व है। पौष मास में जब सूर्य भगवान धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करते हैं तो मकर संक्रान्ति का प्रसिद्ध पर्व मनाया जाता है। खास बात यह भी है कि पूरे भारत में मनाया जाने वाला यह त्यौहार कई नामों से मनाया जाता है। जैसे पंजाब में लोहड़ी कहते है तो दक्षिण भारत में इसे पोंगल कहा जाता है। हालांकि इन सभी त्योहारों में नामों के अलावा कोई विशेष अंतर नहीं है। सभी का आधार सूर्य की संक्रांति है। मकर संक्रांति पर सूर्य न केवल अपनी राशि बदलते हैं बल्कि वे उत्तरी कर्क रेखा की तरफ जाने को उत्तरायण भी होते हैं। महाभारत के अनुसार भीष्म पितामह ने युद्ध में घायल हो जाने के बाद प्राण त्यागने के लिए सूर्य के उत्तरायण होने की प्रतीक्षा की थी। मकर संक्रांति पर सूर्य जब उत्तरायण हुआ तो ही उन्होंने अपने प्राण त्यागे। उस समय तक कुरुक्षेत्र में युद्ध भी समाप्त हो गया था।

कब करेंगे सूर्य मकर राशि में प्रवेश

आमतौर पर सूर्य की मकर संक्रान्ति 14 जनवरी को होती है। वैसे लगभग 75 वर्षों में संक्रान्ति के दिन में एक दिन की बढ़ोत्तरी संभव है। किसी समय मकर संक्रान्ति 13 जनवरी को आती थी। यह सब अयंनाश के कारण होता है। इस वर्ष 14 जनवरी 2025 को भगवान सूर्य प्रातः 8 बजकर 55 मिनिट पर धनु राशि को छोड़कर मकर में प्रवेश करेंगे। चूंकि संक्रान्ति का पुण्यकाल सूर्योदय से माना जाता है इसलिए मकर संक्रान्ति का पर्व 14 जनवरी को होगा। लोहड़ी का त्योहार इससे एक दिन पहले अर्थात 13 जनवरी को मनाया जायेगा। देश के विभिन्न शहरों के अक्षांश और रेखांश के आधार पर सूर्योदय में अंतर आ जाता है। देश की राजधानी दिल्ली में मकर संक्रांति का पुण्यकाल 14 जनवरी को प्रातः 8 बजकर 55 मिनट से आरम्भ हो जायेगा जो कि सूर्यास्त तक रहेगा। दूसरे शहरों के लोग भी अपने शहर के सूर्योदय के आधार पर पुण्यकाल का आकलन कर सकते हैं। 

इस दिन क्या दान करें?

शास्त्रों के अनुसार मकर संक्रांति के दिन दान करने से कई हजार गुणा फल प्राप्त होता है। खोटे ग्रहों के प्रभाव से मुक्ति मिलती है और जीवन में सरलता और सरसता का आगमन होता है। मकर संक्रांति के दिन तिल और गुड़ से बने व्यंजन दान का विशेष महत्व है। वैसे आप ऊनी कपड़े जैसे स्वेटर और कम्बल आदि का दान भी कर सकते हैं। विशेष फल प्राप्ति और इच्छा पूर्ति के लिए प्रातः गोशाला में गायों की पूजा और उन्हें चारा और गुड़ खिलाना चाहिए। इससे पूर्व जन्म के पापों से मुक्ति मिलती है। जो लोग पवित्ऱ नदियों के पास हैं उन्हें नदी में स्नान करके दान करना चाहिए। इस दिन गंगा स्नान का विशेष महत्व है। कहा जाता है कि इस दिन प्रयाग के संगम तट पर स्नान करने से विशेष लक्ष्यों की प्राप्ति होती है। 

  Astrologer Satyanarayan Jangid

WhatsApp – 6375962521

www.guideguru.in

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 × two =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।