भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण कर्मचारी वर्ग को नौकरी से हाथ धोना पड़ रहा है : अशोक तंवर - Punjab Kesari
Girl in a jacket

भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण कर्मचारी वर्ग को नौकरी से हाथ धोना पड़ रहा है : अशोक तंवर

Ashok Tanwar ने कहा जिस पंचायतीराज प्रणाली को कांग्रेस शासन में मजबूत बनाया गया था, भाजपा सरकार ने

सिरसा : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि मौजूदा प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के कारण कर्मचारी वर्ग को नौकरी से हाथ धोने की नौबत का सामना करना पड़ रहा है जिससे पता चलता है कि यह सरकार रोजगार देने वाली नहीं बल्कि छीनने वाली है। वे शनिवार को राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन द्वारा जिले के गांव बेगू में आयोजित जिला सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार व प्रदेश प्रभारी अरविंद बाद ने की।

उपस्थिजनों को संबोधित करते हुए डॉ. तंवर ने कहा कि जिस पंचायतीराज प्रणाली को कांग्रेस शासन में मजबूत बनाया गया था, मौजूदा प्रदेश भाजपा सरकार ने पंचायतीराज प्रणाली को खोखला करने का काम किया है। डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि भाजपा ने केंद्र में सत्तारूढ़ होते ही प्रतिवर्ष 2 करोड़ युवाओं को रोजगार और प्रदेश में 5 लाख रोजगार देने का आश्वासन दिया था मगर इस सरकार ने रोजगार देने की बजाए रोजगार छीनने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पिछले चार सालों के दौरान भाजपा ने केवल घोषणाओं के माध्यम से देश और प्रदेशवासियों को गुमराह करने का काम किया है।

भाजपा की गलत नीतियों के कारण ही आज प्रदेश का व्यापारी, किसान, मजदूर, महिला सहित सभी वर्गों को उसका खामियाजा भुगतने पर मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के हरियाणा दौरे के सिलसिले में कहा कि संसद में चल रहे सत्र में व्यस्त रहने के कारण अभी यह संभव नहीं हो पा रहा मगर स्वयं राहुल गांधी भी हरियाणा आने के इच्छुक हैं। उन्होंने कहा कि आज अन्य राजनीतिक दलों के नेता अपने पुरानी पार्टियों को छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं, अब यह पार्टी की सीनियर लीडरशिप तय करेगी कि किसे पार्टी में लेना है किसे बाहर का रास्ता दिखाना है।

(दीपक शर्मा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।