घरौंडा : करनाल के सांसद अश्विनी चोपड़ा की धर्मपत्नी किरण शर्मा चोपड़ा ने सोमवार को नबीपुर गांव की राजकीय प्राथमिक पाठशाला का निरीक्षण किया। पाठशाला की सुंदरता, अनुशासन व शिक्षण गतिविधियों को देख वह बहुत प्रभावित हुई और उन्होंने ग्रामीणों के सामने विद्यालय प्रबंधन की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने विद्यालय के मुखिया मास्टर दलीप सिंह को विद्यालय की जरूरतों को पूरा करने के लिए सांसद निधि से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। विद्यालय में पहुंचने पर गांव की सरपंच रीना देवी, मास्टर दलीप सिंह व ग्रामीणों ने किरण शर्मा चोपड़ा का स्वागत किया।
किरण शर्मा चोपड़ा ने विद्यालय में एक-एक गतिविधि की बारीकी से जांच की। उन्होंने बच्चों का बौद्धिक विकास भी जांचा। विद्यालय में लाइब्रेरी कक्ष का उद्घाटन किया। बच्चों ने शिक्षा जागरूकता से संबंधित नारे लिखे रंगीन पोस्टर प्रदर्शित किए। सामाजिक जागरूकता संबंधी नारे लगाए। उसके उपरांत विद्यालय प्रांगण में पौधा रोपित किया। चोपड़ा ने ग्रामीणों व विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय के बच्चे हर साल पौधे रोपित करके उनकी देखभाल करें और पौधों से दोस्ती बनाएं। उन्होने कहा कि पेड पौधे हमारे जीवन का अभिन्न अंग है।
सृष्टी की संरचना पेड पौधो से ही हुई है। पेड पौध से ही हमें फल फूल और छाया मिलती है इसलिए प्रत्येक ईंसान को अपने जीवन में एक पेड जरूर लगाना चाहिए। उन्होने कहा कि अगर पेड पौधे न हो तो प्रकृति द्वारा हमें अनेकों कठिनाईयों का सामना करना पड़ सकता है। पेड हमारी धरती की मिट्टी को मजबूत करते है। पेडो के बिना ही बाढ़, भूस्खलन जैसी स्थिती पैदा होती है।