पिंडारसी के 2 दलितों की हत्या से पीड़ित परिजनों को सरकारी नौकरी दी जाए : हुड्डा

पिंडारसी गांव के दो बाल्मीकि भेड़ पालकों की चोरों ने 22 मई, 2018 को निर्मम हत्या कर दी

चंडीगढ़ : हरियाणा के पूर्व मुख्य मन्त्री भूपेन्द्र सिह हुड्डा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर सुस्त एवं संवेदनहीन होने का आरोप लगाते हुए कहा कि थानेसर के नजदीक पिंडारसी गांव के दो बाल्मीकि भेड़ पालकों की चोरों ने 22 मई, 2018 को निर्मम हत्या कर दी और उनकी सवा दो सौ के करीब भेड़ चुरा ले गए। परन्तु सरकार न तो अभी तक चोरों का सुराग लगा पाई है और न ही पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद की ही पेशकश की है। पूर्व मुख्यमंत्री पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने पिंडारसी गांव गये थे।

गांव वासियों ने उनके सम्मुख इस हृदय विदारक घटना का पूरा विवरण देते हुए बताया कि दोनों भेड़ पालकों के मुंह पर टेप लगा कर उन्हें लाठियों से पीट कर बेरहमी से मार डाला गया तथा एक को गम्भीर रूप से घायल कर दिया और उनके बाड़े से भेड़ें उठा ले गए। रेलवे लाईन नजदीक होने के कारण खुले बाड़े से निकली 67 भेड़ें रेलगाड़ी की चपेट में आकर मारी गई। हुड्डा ने कहा कि लुटेरों की इस वारदात से पांच दलित परिवार पूरी तरह से बर्बाद हो गए हैं।

इन परिवारों का घर खर्च पशुपालन से ही चल रहा था, पर अब उनके सामने आजीविका चलाने का संकट खड़ा हो गया है। दु:ख की बात यह है कि इस घटना को लेकर गांववासी पीड़ित परिवार के लोगों के साथ मुख्यमंत्री तथा सरकार में बैठे कई लोगों से मिले, परन्तु उन्हें सरकार की ओर से मदद देने का कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि पीडि़त परिवारों के एक सदस्य को पक्की नौकरी दी जाए तथा जितना आर्थिक नुकसान हुआ है, उसकी पूरी भरपाई की जाए ताकि पीडि़त परिवार फिर से अपना धन्धा सामान्य रूप से कर सकें।

अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।

(आहूजा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।