बूथ मजबूत होगा तभी लड़ी जा सकेगी लंबी लड़ाई : तंवर - Punjab Kesari
Girl in a jacket

बूथ मजबूत होगा तभी लड़ी जा सकेगी लंबी लड़ाई : तंवर

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि बूथ पर काम करने वाला कार्यकर्ता

सिरसा : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि बूथ पर काम करने वाला कार्यकर्ता हर दल के लिए महत्वपूर्ण होता है। जिस पार्टी में बूथ मजबूत नहीं है वहां सब कुछ व्यवस्थित नहीं हो सकता। डॉ. तंवर शुक्रवार को राम भवन में बूथ सम्राट सम्मेलन के तहत सिरसा विधानसभा क्षेत्र के बूथ एजेंटों व कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि बूथ एजेंट अगर मजबूत हों तो बड़ी से बड़ी लड़ाई लड़ी जा सकती है। बूथ पर कार्यकर्ता पूरी शिद्दत के साथ अपनी पार्टी की पैरवी करता है। इस बूथ सम्राट सम्मेलन का आगाज आज सिरसा से किया गया।डॉ. तंवर ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार ने जनता के साथ चुनावों में जो वादे किए थे, इक्का दुक्का को छोड़कर कोई वादा पूरा नहीं किया।

उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में वे जहां जहां भी गए हैं लोगों में कांग्रेस पार्टी के प्रति बेहद उत्साह है। इतना जोश लोगों में सरकार बदलने के लिए कभी नहीं देखा गया। उन्होंने कहा कि अपने सांसद काल में उन्होंने सिरसा संसदीय क्षेत्र में 50 हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट लाकर दिए थे। फिर से कांग्रेस की सरकार लाएं विकास कार्यों की पूरी झड़ी लगा दी जाएगी।

भाजपा राज में किसानों पर चली लाठियां, इनेलो डूबता हुआ जहाज : अशोक तंवर

डॉ. तंवर ने कहा कि राजस्थान में भाजपा की हालत इतनी पतली है कि वहां के दो मौजूदा सांसदों ने ही कांग्रेस ज्वाइन की है। बाकी प्रदेशों में भी ऐसी ही स्थिति है। उन्होंने बताया कि डेढ़ सौ से अधिक सेवानिवृत्त आईपीएस और आईएएस अधिकारियों ने कांग्रेस में टिकट के लिए आवेदन किया है। उन्होंने कहा कि मजबूत होकर चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करें ताकि माताएं-बहनेें महफूज रह सकें, बेरोजगारों को रोजगार मिल सके और अपराधों पर रोकथाम लग सके।

उन्होंने भाजपा पर स्वायत्त संस्थाओं को निजी हितों के लिए प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सीबीआई बनाम सीबीआई का मामला सबके सामने है। नोटबंदी जैसे फैसलों से देश में 8 लाख करोड़ रुपए का बड़ा घोटाला हुआ है जबकि मनमोहन सिंह के शासनकाल में देश ने तरक्की के मामले में अंगड़ाई ली थी। उन्होंने कहा कि इनेलो का परिवार ही नहीं बचा तो पार्टी कहां से बचेगी। इस अवसर पर बूथ एजेंटों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता होशियारी लाल शर्मा ने कहा कि आज पूरे देश की जनता आशा भरी नजरों से कांग्रेस की तरफ देख रही है।

(दीपक शर्मा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

eleven − 7 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।