भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण पूरे देश में आक्रोश का माहौल : तंवर - Punjab Kesari
Girl in a jacket

भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण पूरे देश में आक्रोश का माहौल : तंवर

NULL

सिरसा : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि पूर्व सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रणजीत सिंह राजनीति के मंझे हुए खिलाड़ी हैं और उनकी राजनीतिक शक्ति और अनुभव का लाभ पूरे हरियाणा के संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों में लिया जाएगा। वे शुक्रवार को कांग्रेस भवन में आगामी 29 अप्रेल को दिल्ली स्थित रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की जनाक्रोश रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को निमंत्रण देते हुए संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि आज पूरे देश के हालात चिंताजनक हैं क्योंकि मौजूदा सरकार की गलत नीतियों के चलते ही व्यापारी, किसान, युवा, मजदूर, कर्मचारी सहित तमाम वर्गों में आक्रोश का माहौल है और इसी वजह से उनकी आवाज के रूप में कांग्रेस 29 अप्रेल को जनाक्रोश रैली के माध्यम से मौजूदा गूंगी बहरी भाजपा सरकार के खिलाफ ऐलान जारी करेगी। डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि देश में छोटी बच्चियों के साथ बलात्कार जैसी दरिंदगी की घटनाएं बढ़ी हैं, उससे शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता क्योंकि ऐसी घटनाओं में स्वयं भाजपा के विधायक तक शामिल हैं। ऐसी स्थितियों में पीडि़त परिवारों को न्याय की उम्मीदें बेहद कम हैं।

उन्होंने कहा कि जहां देश में ऐसी शर्मिंदगी वाली घटनाओं से देश का सिर विदेशों में झुका है वहीं स्वयं प्रधानमंत्री विदेशी सैर सपाटों में व्यस्त हैं। डॉ. तंवर ने कहा कि भाजपा की ओर से की गई नोटबंदी देश को बर्बादी की ओर ले गई है और इसका परिणाम आज भी देश के सामने है जब देश के अधिकांश राज्यों में एटीएम खाली पड़े हैं। लोगों को गुमराह करने के उद्देश्य से भाजपाई नेता आज भी झूठे बयान देने पर आमादा हैं कि देश में मुद्रा की कोई कमी नहीं है जबकि देश के करोड़ों लोग अपने पारिवारिक कार्यों, विवाह जैसे मुख्य कार्यों में नोटों से महरूम हैं।

रणजीत सिंह ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष को भरोसा दिलाया कि जनाक्रोश रैली में रानियां हलके से सर्वाधिक संख्या में कार्यकर्ता शरीक होंगे।कार्यकर्ता सम्मेलन को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सरदार जयपाल सिंह लाली, ओमप्रकाश केहरवाला, होशियारीलाल शर्मा, हरिओम कौशिक, आनंद बियाणी, भूपेश मेहता, मलकीत सिंह खोसा, कुलदीप गदराना, नवीन केडिया, रमेश भादू सहित अन्य पार्टी पदाधिकारियों ने संबोधित किया। कार्यक्रम में लादूराम पूनिया, गगनदीप चौटाला, शीशपाल केहरवाला, सुभाष जोधपुरिया, राजकुमार वर्मा, संगीत कुमार सहित अनेक पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

24X7  नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।

(दीपक शर्मा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।