पाप का गठबंधन नहीं टिक पायेगा भाजपा के आगे : अभिमन्यु - Punjab Kesari
Girl in a jacket

पाप का गठबंधन नहीं टिक पायेगा भाजपा के आगे : अभिमन्यु

सूबे के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि अपने स्वार्थ साधने के लिए जो नेता पाप का गठबंधन

जींद : सूबे के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि अपने स्वार्थ साधने के लिए जो नेता पाप का गठबंधन करने की सोच रहे हैं, उनको जनता स्वीकार नहीं करेगी। यूपी में बुआ और बबूआ ने जो प्रयोग किया था, उसका उदाहरण आज सबके सामने हैं। ऐसे में कौरव सोच के लोग इकठ्ठे होते है तो भाजपा पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। क्योंकि देश की जनता मोदी और प्रदेश की जनता मनोहर लाल के राज को देख चुकी हैं। 
वित्तमंत्री ने ये वक्तव्य शुक्रवार को जींद में कष्ट निवारण समिति की बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहे। इस मौके पर विधायक डॉ. कृष्ण मिढ़ा, प्रदेश सचिव जवाहर सैनी, जिला प्रधान अमरपाल राणा, वरिष्ठ नेता मास्टर नरेंद्र गोगल, रामफल लोट सहित अनेकों नेता मौजूद थे। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टी एक दलित प्रदेशाध्यक्ष पर हमले के बाद चुपचाप बैठी है तथा उस पर गाली-गलौच के मामले में मामला दर्ज कराने की तैयारी चल रही है, वह दूसरों का कैसे भला कर सकती हैं। 
जो खुद ही उलझे हुए है, वे दूसरों की समस्याएं कैसे सुलझा सकते हैं। इससे बड़ी शर्म की बात क्या होगी कि जनता आज एक तरफा भाजपा-भाजपा कर रही है, वहीं विपक्ष अब भी मुंगेरी लाल की तर्ज पर हसीन सपने देख रहा हैं। एक सवाल के जवाब में वित्तमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार टिकाऊ विकास की नींव रख रही हैं। सडक़ों और रेलमार्गों का जाल एक तरह से जींद के औद्योगिक क्षेत्र की टिकाऊ नींव के संकेत हैं। 
उन्होंने कहा कि जींद विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ रहा हैं। इस क्षेत्र के लोगों को भाखड़ा का पानी दिया जाना प्रस्तावित हैं। यहीं नहीं, मैडिकल की निर्माण प्रक्रिया तेज गति से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि राजा वाली गौहर सडक़ बन जाएगी, ऐसा किसी ने सोचा नहीं होगा। किंतु भाजपा ने कहने की बजाय करके दिखाया हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।