चंडीगढ़: हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने सशस्त्र सेना झण्डा दिवस पर झण्डा कोष में दान दिया। इस अवसर पर शहीद रोहित कौशल के पिता एस.एस. कौशल ने भी झण्डा कोष में एक लाख रुपये की राशि का दान किया। उन्होंने राज्यपाल को इस राशि का चैक प्रदान किया जिसे उन्होंने दानपेटी में डाला। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि झण्डा दिवस सशस्त्र सेनाओं की सेवाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है। यह दिन देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए सैनिकों को याद करने और युद्ध वीरांगनाओं, घायल सैनिकों व उनके आश्रितों की मदद के लिए मनाया जाता है।
प्रो. सोलंकी ने कहा कि हमें देश की रक्षा करने वाले सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञ होना चाहिए और उनकी चिंता करनी चाहिए। उन्होंने शहीद रोहित कौशल की शहादत को याद करते हुए कहा कि ऐसे शूरमाओं की वीरता पर पूरे देश को गर्व है। वे हमारी आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। शहीद रोहित कौशल 10 नवम्बर, 1995 को डोडा जिला में मुलवानु क्षेत्र में आतंकवादियों के साथ लड़ते-लड़ते वीरगति को प्राप्त होकर भारत माता के चरणों में विलीन हो गये थे।
राज्य सैनिक बोर्ड के सहायक सचिव लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) राहुल यादव व बोर्ड के अन्य अधिकारियों ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को झण्डा दिवस का स्टिकर लगाया। उन्होंने राज्यपाल को बताया कि आज का दिन हर साल पूरे देश में मनाया जाता है और सब वर्गों के लोग झण्डा कोष में दिल खोलकर दान देते हैं और इस प्रकार सशस्त्र सेना के शहीदों और उनके आश्रितों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हैं। उन्होंने झण्डा कोष में दान के लिए शहीद रोहित कौशल के पिता एस.एस. कौशल का विशेष रूप से आभार प्रकट किया।
लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।
(आहूजा)