करनाल: करनाल लोकसभा से सांसद अश्विनी चोपड़ा की धर्मपत्नी व वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की चेयरपर्सन किरण शर्मा चोपड़ा ने जुंडला गेट स्थित अपना आशियाना आश्रम में रह रहे बेसहारा लोगों को फल वितरित किए। किरण शर्मा ने यहां लोगों से बातचीत करते हुए कहा कि आश्रम के संस्थापकों ने समाज हित में यह नेक पहल की है। समाज में रहते हुए हमारा फर्ज बनता है कि जरूरतमंद, बेसहारा और लाचार लोगों की मदद करें। उन्होंने कहा कि वह आश्रम में हर संभव सहयोग देंगी। उन्होंने आश्रम में रह रहे लोगों से कहा कि वह जीवन में आगे बढऩे के लिए प्रयास करें। अपनी सोच को सकारात्मक बनाएं। जीवन में आने वाली परेशानियों का सामना करने की जरूरत है।
श्रीमती किरण शर्मा चोपड़ा ने अपना आशियाना आश्रम में रह रहे बेसहारा लोगों की सेवा के लिए संस्था के सभी सदस्य समाज के प्रति अपना फर्ज बखूबी निभा रहे हैं। खासकर युवा वर्ग ऐेसे नेक कार्य कर रहा है, जो समाज और देश के लिए खुशी और गर्व की बात है। संस्था के प्रमुख सेवक चरणजीत बाली ने कहा कि बेसहारा और लाचार लोगों को सहारा देने के लिए इस आश्रम की स्थापना की गई है। श्री बाली ने बताया कि अभी अपना आशियाना आश्रम में करीब 30 लोग रह रहे हैं, जबकि कुछ बेसहारा लोगों को संस्था उनके परिजनों से मिलवाया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इस कार्य के अलावा संस्था द्वारा लावारिस शवों का दाह संस्कार भी करवाया जाता है। श्री बाली ने बताया कि संस्था की ओर से राजकीय अस्पताल में जरूरतमंद मरीजों के लिए तीन समय का भोजन भी करवाया जाता है।
उन्होंने बताया कि 40 वर्षों से कार्य कर रही जन सेवा दल उत्तरी भारत में एक मात्र ऐसी संस्था है जिसने लोगों को नेत्रदान करने के लिए जागरूक किया और आज उसका नतीजा है कि हजारों लोगों ने मरणोपरांत अपने नेत्र दान किए। संस्था की ओर से अब तक 40 लोगों का देहदान करवाया जा चुका है, जिसमें से करनाल में सात देहदान कल्पना चावला मेडिकल कालेज में किए गए। इस अवसर पर पार्षद सोनिया पंडित, पार्षद विनोद तितोरिया तथा संस्था की ओर से चरणजीत बाली, अंशुल ग्रोवर, सोहनलाल, दिनेश भाटिया, अनु मदान, तिलक राज शर्मा, सुदर्शन, पूजा ग्रोवर, सोनू, रोहित, भारत भूषण व बिट्टू मौजूद रहे।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।