विधानसभा चुनाव के लिए शाह ने कसी कमर - Punjab Kesari
Girl in a jacket

विधानसभा चुनाव के लिए शाह ने कसी कमर

भाजपा अपना संठनात्मक चुनाव शुरू करने वाली है, जिसके तहत आगे चल कर पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के

नई दिल्ली : भाजपा अपना संठनात्मक चुनाव शुरू करने वाली है, जिसके तहत आगे चल कर पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के उत्तराधिकारी का भी चुनाव हो सकता है। शाह बृहस्पतिवार को पार्टी की प्रदेश इकाइयों के प्रमुखों और महासचिवों के साथ एक बैठक करेंगे। भाजपा सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में पार्टी की इकाइयों में बूथ स्तर से ऊपर के संगठनात्मक चुनावों और सदस्यता अभियान के कार्यक्रम पर फैसला किया जाएगा। 
पार्टी के एक नेता ने बताया कि संगठनात्मक चुनाव पूरा होने में कई महीने का वक्त लग सकता है। गत दिनों गृहमंत्री अमित शाह ने हरियाणा के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक लेकर आने वाले विस चुनाव में 75 प्लस का टारगेट फरमान सुनाया है, उसी के मद्देनजर आज ​दिल्ली में राज्यों में होने वाले विस चुनाव की प्रमुखों की बैठक में सीटों के सापेक्ष अन्य राज्यों को भी हरियाणा की तरह  लक्ष्य देंगे। 
उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के पूरी होने के बाद ही नये पार्टी अध्यक्ष का चुनाव हो सकेगा, जो अक्टूबर- नवंबर के महीने तक जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी का संसदीय बोर्ड (इसकी निर्णय लेने वाली शीर्ष संस्था) इस अवधि के लिए एक नये अध्यक्ष को नियुक्त कर सकता है। हालांकि, यह बहुत हद तक इस बात पर निर्भर करेगा कि अब केंद्रीय गृह मंत्री बन चुके शाह इस कार्य को कैसे जारी रखना चाहते हैं। सूत्रों ने बताया कि भाजपा शासित तीन राज्यों (हरियाणा, झारखंड और महाराष्ट्र) में विधानसभा चुनाव इस साल के आखिर में होने हैं, ऐसे में पार्टी उन्हें यह जिम्मेदारी निभाते रहने को कह सकती है। 
भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी प्रदेश के नेताओं के साथ बृहस्पतिवार की बैठक में शामिल होंगे। राज्यों के महासचिवों (संगठन) के साथ भी शाह की बैठक शुक्रवार को होने का कार्यक्रम है। पार्टी प्रमुख के बाद संगठन के प्रभारी महासचिव का भाजपा में दूसरा सबसे महत्वपूर्ण पद है, चाहे यह राज्य स्तर पर हो या फिर राष्ट्रीय स्तर पर। गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष के तौर पर शाह का तीन साल का कार्यकाल इस साल की शुरूआत में समाप्त हो गया था लेकिन उन्हें इस पद पर बने रहने को कहा गया था। 
दरअसल,पार्टी ने लोकसभा चुनाव पर ध्यान केंद्रित करने के लिए संगठन चुनाव टाल दिया था। लोकसभा चुनाव में 303 सीटों के साथ भाजपा को मिली प्रचंड जीत के बाद शाह ने तीन राज्यों में विधानसभा चुनावों के लिए संगठन की तैयारियों पर जोर दिया है और इसके अंदरूनी चुनावों के लिए आधार तैयार किया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।